नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से एक लाख रुपये की ठगी
महदहा, हिन्दुस्तान संवाद। एक युवक ने आरोप लगाया है कि पानीपत में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके दस्तावेज और अंगूठे का निशान लेकर उसके नाम पर करीब एक लाख रुपये का लोन करा दिया गया। मामले में पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग किया है। जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामपुर बुजुर्ग निवासी रवि प्रकाश गोंड पुत्र शर्मा शाह पिछले चार वर्षों से पंजाब के लुधियाना में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रवि प्रकाश के अनुसार मई माह में घर आने के दौरान उनकी मुलाकात पड़ोसी गांव के एक युवक से हुई। युवक ने उन्हें हरियाणा के पानीपत में हेल्पर की नौकरी दिलाने का आश्वासन देते हुए 20 हजार रुपये मासिक वेतन मिलने की बात कही। आरोप है कि सहमति देने के बाद आरोपी उन्हें उपनगर के सुगही वार्ड के समीप स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण की दुकान पर ले गया।
वहां आधार कार्ड और पैन कार्ड लेकर जीरो बैलेंस बैंक खाता खुलवाने की बात कही गई। इसी दौरान कुछ कागजातों पर अंगूठे का निशान लगवाया गया तथा उनकी फोटो भी खींची गई। विरोध करने पर दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने का हवाला देकर उन्हें भरोसे में ले लिया गया। रवि प्रकाश ने बताया कि नौकरी लगने में देरी होने पर वह पुनः लुधियाना कमाने चले गए। करीब एक सप्ताह पूर्व बैंक से जुड़े कुछ लोग पहली किश्त जमा न होने की जानकारी लेकर उनके घर पहुंचे। तब उन्हें पता चला कि उनके नाम पर लगभग एक लाख रुपये का लोन स्वीकृत कराया गया है। आरोप है कि उक्त धनराशि से इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदा गया।
शुक्रवार को रवि प्रकाश कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कोतवाली के प्रभारी दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर मिली हैं। दोनों पक्षों से बुलाया गया था। मामले की जांच की जा रही है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें







