जयपुर नगर निगम चुनाव: बीजेपी ने उम्मीदवारों की सूची जारी की,
इंडिया प्राइम टीवी जयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर बीजेपी ने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में सबसे ज्यादा चर्चा उन नामों की है, जिनका सीधा संबंध जयपुर नगर निगम और मेयर पद की राजनीति से रहा है। सूची में 110 उम्मीदवारों को मौका दिया गया है। जबकि कुछ वार्डों के प्रत्याशियों के नाम गोपनीय रखे गए।
जयपुर नगर निगम मेंयर पद बीजेपी के दावेदार

सबसे बड़ा नाम वार्ड नंबर 110 से सामने आया है, जहां जयपुर नगर निगम की पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल को बीजेपी ने उम्मीदवार बनाया है।
मेयर के तौर पर जयपुर की राजनीति और नगर निगम के कामकाज का उनका अनुभव इस चुनाव में पार्टी के लिए बड़ा फैक्टर माना जा रहा है।
ज्योति खंडेलवाल वर्ष 2009 में सीधे चुनाव प्रणाली के जरिए जयपुर की पहली महिला महापौर चुनी गई थीं. वह लंबे समय तक कांग्रेस की तेज-तर्रार नेता रहीं, लेकिन अक्टूबर 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट न मिलने से नाराज होकर उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी और भाजपा में शामिल हो गई थीं

वार्ड नंबर 107 से बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराधा माहेश्वरी को उम्मीदवार बनाया गया है।अनुराधा माहेश्वरी इससे पहले भाजपा जयपुर शहर महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं.
पार्टी ने उनके संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए उन्हें इस बार चुनावी मैदान में उतारा है.
वहीं वार्ड नंबर 99 से पूर्व प्रदेश मंत्री रणजीत सोडाला की पत्नी सरोज कंवर को टिकट मिला है।
पूर्व प्रदेश मंत्री रणजीत सोडाला की पत्नी सरोज कंवर
वार्ड नंबर 46 से शिवकांता पांडे को उम्मीदवार बनाया गया है। इन नामों के जरिए बीजेपी ने महिला नेतृत्व और संगठन से जुड़े चेहरों को भी चुनावी मैदान में उतारा है।

वहीं वार्ड नंबर 112 में बीजेपी ने निवर्तमान मेयर कुसुम यादव का टिकट काटकर बड़ा बदलाव किया है। उनकी जगह पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कोठारी को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
यानी बीजेपी ने यहां मौजूदा मेयर को दोबारा मौका देने के बजाय संगठन के अनुभवी चेहरे पर भरोसा जताया है। चुनाव में सुनील कोठारी को मेयर पद का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है। वे वर्तमान में भाजपा राजस्थान के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के रूप में भी संगठन में सक्रिय हैं। इससे पहले वे भाजपा के पूर्व शहर अध्यक्ष और अन्य महत्वपूर्ण सांगठनिक पदों पर भी रह चुके हैं।
इसके अलावा वार्ड नंबर 121 से कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए निवर्तमान पार्षद नीरज अग्रवाल को फिर से टिकट दिया गया है। पार्टी ने वार्ड नंबर 107 से बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराधा माहेश्वरी को उम्मीदवार बनाया है।
वार्ड नंबर 89 से नगर निगम के पूर्व चेयरमैन भवानी सिंह राजावत को टिकट दिया गया है जबकि वार्ड नंबर 12 से निवर्तमान पार्षद रश्मि सैनी के पति राजेंद्र सैनी को मौका मिला है।

बीजेपी की जारी सूची में कई और प्रमुख नाम भी शामिल हैं। वार्ड नंबर 22 से वीरेंद्र सिंह शेखावत, वार्ड नंबर 21 से अजय चौहान, वार्ड नंबर 17 से सुमेर सिंह जोधा, वार्ड नंबर 46 से शिवकांता पांडे, वार्ड नंबर 49 से मुकेश शर्मा काका और वार्ड नंबर 127 से आलोक बालाहेडी को उम्मीदवार बनाया गया है।
बीजेपी की इस सूची की सबसे खास बात यही है कि पार्टी ने सिर्फ नए चेहरों पर दांव नहीं लगाया है। पूर्व मेयर, पूर्व पदाधिकारी, नगर निगम के अनुभवी चेहरे और संगठन में सक्रिय नेताओं को भी चुनावी मैदान में उतारा गया है। यानी पार्टी नए चेहरों की ऊर्जा के साथ पुराने नेताओं के अनुभव को जोड़कर चुनावी रणनीति तैयार करती दिखाई दे रही है।
हालांकि कुछ वार्डों पर बीजेपी ने अभी फैसला रोक दिया है। वार्ड नंबर 68, 79, 85, 101, 102 और 132 को फिलहाल होल्ड पर रखा गया है। माना जा रहा है कि पार्टी इन सीटों पर अंदरूनी समीकरण, संभावित बगावत और स्थानीय अंतर्विरोध को ध्यान में रखते हुए अंतिम फैसला लेना चाहती है।
कुल मिलाकर बीजेपी की उम्मीदवार सूची में एक तरफ नए चेहरों को आगे बढ़ाने की कोशिश है, तो दूसरी तरफ मेयर और नगर निगम की राजनीति का अनुभव रखने वाले नेताओं पर भी भरोसा किया गया है। पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल का नाम इस रणनीति का सबसे बड़ा उदाहरण है।
अब देखना होगा कि नए चेहरों की ऊर्जा और पुराने नेताओं का अनुभव बीजेपी के लिए जयपुर नगर निगम चुनाव में कितना असरदार साबित होता है और होल्ड किए गए वार्डों में पार्टी का अंतिम फैसला क्या राजनीतिक तस्वीर सामने लाता है।
31 अगस्त 2026 नेशनल अपडेट्स: आपके राज्य शहर की ब्रेकिंग न्यूज और अपडेट दिनभर हर घंटे







