राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: पहले चरण के नामांकन आज से शुरू, 22 अक्टूबर को जिला परिषद-पंचायत समिति का मतदान
इंडिया प्राइम टीवी जयपुर स्टेट डेस्क। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव 2026 को लेकर चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से पहले चरण के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ ही 8 अक्टूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए चुनाव मैदान में उतरने वाले उम्मीदवार अब निर्धारित अवधि में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 ,13 अक्टूबर तक दाखिल होंगे नामांकन
पहले चरण के लिए उम्मीदवार 8 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद 14 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। वहीं, उम्मीदवार 15 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसी दिन चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 22 अक्टूबर को कराया जाएगा।
पंच-सरपंच के लिए अलग तारीख
संशोधित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण में पंच और सरपंच पदों के लिए नामांकन 23 अक्टूबर को होगा, जबकि इन पदों के लिए 24 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।
17 जिला परिषदों से जुड़े ग्रामीण क्षेत्र पहले चरण में
राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार प्रशासनिक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए 41 जिला परिषदों में से 17 जिला परिषदों से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों को पहले चरण में शामिल किया गया है। संबंधित क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
जयपुर से उदयपुर और बीकानेर तक चुनावी हलचल
जयपुर जिले की निर्धारित पंचायत समितियों और जिला परिषद निर्वाचन क्षेत्रों में भी 8 अक्टूबर से लोक सूचना जारी कर नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उदयपुर जिले में पहले चरण के तहत 10 पंचायत समितियों की 284 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। इनमें झाड़ोल, फलासिया, ओगणा, गिर्वा, नाई, मावली, घासा, वल्लभनगर, भीण्डर और कुराबड़ क्षेत्र शामिल हैं।
वहीं बीकानेर जिले में संशोधित कार्यक्रम के तहत खाजूवाला, पूगल, छतरगढ़ और रुण पंचायत समितियों को पहले चरण में शामिल किया गया है।
अलवर जिले में भी नए जिलों के गठन के बाद निर्धारित पंचायत समितियों के अनुसार पहले चरण की चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है।
RO कार्यालयों पर सुरक्षा के इंतजाम
नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही जिला मुख्यालयों और रिटर्निंग अधिकारी (RO) कार्यालयों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंच रहे हैं। चुनावी प्रक्रिया के दौरान वाहनों की संख्या और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियम लागू रहेंगे।
अब सभी की नजर 13 अक्टूबर की नामांकन की अंतिम तारीख, 14 अक्टूबर की जांच और 15 अक्टूबर को नाम वापसी के बाद सामने आने वाले अंतिम प्रत्याशियों पर रहेगी। इसके बाद 22 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए पहले चरण का मतदान होगा।



