रीको सेज निर्यातकों को मिलेंगी हाईटेक सुविधाएं

रीको सेज निर्यातकों को मिलेंगी हाईटेक सुविधाएं

 

इंडिया प्राइम जयपुर। रीको सेज निर्यातकों को मिलेंगी हाईटेक सुविधाएं  राजस्थान में औद्योगिक विकास और निर्यात को नई गति देने के लिए रीको ने सीतापुरा स्थित विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। अब यहां संचालित निर्यात इकाइयों को आधुनिक तकनीक से लैस जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे आभूषण उद्योग को गुणवत्ता परीक्षण में बड़ी सहूलियत मिलेगी।

रीको सेज निर्यातकों को मिलेंगी हाईटेक सुविधाएं

रीको की योजना के तहत सेज-1 और सेज-2 में दो-दो कैरेट मीटर, एक्स-रे मशीन और सिंथेटिक डायमंड डिटेक्शन मशीनें स्थापित की जाएंगी। इन उपकरणों की खरीद पर करीब 1.83 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मशीनों की स्थापना के बाद सोने की शुद्धता की सटीक जांच और प्राकृतिक व लैब-ग्रोन हीरों की पहचान पहले से अधिक आसान और विश्वसनीय हो सकेगी।

केंद्र सरकार भी लंबे समय से इन आधुनिक उपकरणों की स्थापना पर जोर देती रही है। नई तकनीक के उपयोग से निर्यात होने वाले आभूषणों की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी, साथ ही राजस्व सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप जांच प्रक्रिया को भी मजबूती मिलेगी।

सीतापुरा का विशेष आर्थिक क्षेत्र राजस्थान के प्रमुख रत्न एवं आभूषण निर्यात केंद्रों में शामिल है। यहां सेज-1 में 33 और सेज-2 में 119 औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में दोनों सेज से लगभग 8,565 करोड़ रुपये का निर्यात दर्ज किया गया, जबकि कुल निवेश करीब 294 करोड़ रुपये रहा। इन इकाइयों के माध्यम से 39 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला हुआ है।

रीको ने केवल तकनीकी सुविधाओं तक ही बदलाव सीमित नहीं रखा है। राज्य सरकार की ईज ऑफ डूइंग बिजनेस नीति के अनुरूप विशेष आर्थिक क्षेत्रों में उद्योगों के लिए कई प्रक्रियाओं को भी आसान बनाया गया है। अब नाम परिवर्तन, शेयरहोल्डिंग में बदलाव, बिजनेस ट्रांसफर, विलय (Merger), डी-मर्जर (Demerger), पुनर्गठन और निदेशकों में परिवर्तन जैसी प्रक्रियाएं पहले की तुलना में अधिक सरल होंगी।

रीको डिस्पोजल ऑफ लैंड रूल्स, 1979 में किए गए नए प्रावधानों के तहत भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को भी पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया गया है। इससे उद्यमियों को नए निवेशक और साझेदार जोड़ने में आसानी होगी। साथ ही राज्य में निवेश बढ़ने और नई औद्योगिक परियोजनाओं को गति मिलने की भी उम्मीद है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *