जयपुर से शुरू हुई भारत टैक्सी, अब सारथी ही होंगे मालिक

Official launch of Bharat

इंडिया प्राइम जयपुर  जयपुर से शुरू हुई भारत टैक्सी .राजस्थान में सहकारिता आधारित परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देते हुए भारत टैक्सी सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम में 100 से अधिक कैब, बाइक और ऑटो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह पहल केवल एक टैक्सी सेवा नहीं, बल्कि हजारों वाहन चालकों को रोजगार, स्वामित्व और सम्मान दिलाने का सशक्त माध्यम बनेगी।

जयपुर से शुरू हुई भारत टैक्सी, अब सारथी ही होंगे मालिक
Image Source : Via DIPR

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत टैक्सी का सबसे बड़ा उद्देश्य चालक को केवल सेवा प्रदाता नहीं, बल्कि सहकारी व्यवस्था का भागीदार बनाना है। इस मॉडल में सारथी स्वयं मालिक भी होंगे, जिससे उन्हें अपनी मेहनत का पूरा लाभ मिलेगा और किसी अतिरिक्त कमीशन या अनावश्यक कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही उन्हें पांच लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा भी उपलब्ध कराया जाएगा।

जयपुर से शुरू हुई भारत टैक्सी, अब सारथी ही होंगे मालिक
Image Source : Via DIPR

कार्यक्रम के दौरान सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव ने राजस्थान कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (आरसीडीएफ), नगर निगम, जयपुर मेट्रो और राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (आरएसआरटीसी) के साथ विभिन्न समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान किया। इसके अलावा छह उत्कृष्ट सारथियों को शेयर प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

जयपुर से शुरू हुई भारत टैक्सी, अब सारथी ही होंगे मालिक
Image Source : Via DIPR

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की सोच के अनुरूप “सहकार से समृद्धि” का सपना तेजी से साकार हो रहा है। राज्य सरकार भी सहकारिता के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार कर रही है। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में लगभग 10 लाख नए सदस्य सहकारी संस्थाओं से जुड़े हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि जयपुर में सॉफ्ट लॉन्च के बाद अब तक 30 हजार से अधिक सारथी भारत टैक्सी प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं, जबकि करीब सात लाख ग्राहक इस सेवा का हिस्सा बन चुके हैं। प्रतिदिन हजारों यात्राएं इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से पूरी हो रही हैं, जो लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भारत टैक्सी देश ही नहीं, बल्कि दुनिया का सबसे सफल सहकारिता आधारित मोबिलिटी प्लेटफॉर्म बन सकता है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान के पर्यटन, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी इस पहल से नई गति मिलेगी। पर्यटकों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने जयपुर मेट्रो फेज-2 के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे भारत टैक्सी नेटवर्क को भी अतिरिक्त लाभ मिलेगा।

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि सहकारिता आज केवल ऋण या साख समितियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि परिवहन, कृषि, डेयरी, मत्स्य, बीमा और अन्य क्षेत्रों में भी लोगों को सशक्त बना रही है। उन्होंने बताया कि भारत टैक्सी में “सारथी ही मालिक” की अवधारणा लागू की गई है, जिसके तहत चालक को यात्रा का भुगतान सीधे मिलेगा और संस्था के लाभांश में भी उसकी हिस्सेदारी होगी।

उन्होंने बताया कि देशभर में अब तक करीब आठ लाख सारथी और 41 लाख ग्राहक इस सेवा से जुड़ चुके हैं। दिल्ली, गुजरात और महाराष्ट्र के बाद राजस्थान इस पहल से जुड़ने वाला प्रमुख राज्य बना है। भविष्य में इस सेवा का विस्तार देश के 500 शहरों तक करने की योजना है।

मुरलीधर मोहोल ने सहकारिता के क्षेत्र में राजस्थान की उपलब्धियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सहकारिता के नवाचारों का राष्ट्रीय मॉडल बनकर उभरा है। अन्न भंडारण योजना, ई-पैक्स, पैक्स के कम्प्यूटरीकरण और बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के विस्तार जैसे क्षेत्रों में राजस्थान देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।

 

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *