लुधियाना में रंगदारी रैकेट का भंडाफोड़: यूरोप में बैठा गैंगस्टर चला रहा था, कारोबारियों को धमकाकर व फायरिंग… – Dainik Bhaskar
लुधियाना में कारोबारियों को रंगदारी की धमकियां देने वाले गैंग का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस ने बड़ी वारदात से पहले ही आरोपियों की पहचान कर उन पर मामला दर्ज कर दिया है। यूरोप में बैठा गैंगस्टर नमित अपना गिरोह शहर में चला रहा है।
उसके गुर्गे कारोबारियों को धमकाकर और फायरिंग करके उन्हें डराते धमकाते थे। थाना सदर की पुलिस ने नमित शर्मा सहित कुछ अन्य युवकों पर रविवार को मामला दर्ज किया है। ये गैंग लुधियाना समेत पंजाब के विभिन्न हिस्सों में कारोबारियों को टारगेट करता था।
पुलिस एफआईआर में हुआ बड़ा खुलासा:-
आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिली थी कि आरोपी अमृतसर के सीमावर्ती इलाके से हथियार और हेरोइन की खेप मंगवाने की तैयारी में थे। इसके अलावा गिरोह लुधियाना में एक बड़े आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था। पुलिस के अनुसार एक प्रमुख कारोबारी को रंगदारी के लिए निशाना बनाने की साजिश भी रची जा रही थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111(1) (संगठित अपराध), 111(2) (संगठित अपराध से अर्जित संपत्ति), 351(3) (आपराधिक धमकी) और 308(2) (जबरन वसूली), एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 29, 61 और 85 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
