167वां आयकर दिवस : सेवा, सम्मान और जनभागीदारी का अनोखा संगम

167वां आयकर दिवस

 

इंडिया प्राइम जयपुर। 167वां आयकर दिवस आयकर विभाग, जयपुर में 167वें आयकर दिवस का आयोजन गरिमामय माहौल में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त सुमीत कुमार ने की, जबकि मुख्य आयुक्त (सीजीएसटी) हरमीत सिंह नारंग विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह में विभाग के वर्तमान और सेवानिवृत्त अधिकारी, कर्मचारी, टैक्स बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा अनेक गणमान्य अतिथि शामिल हुए।

इस अवसर पर विभाग ने कर्मचारियों और उनके परिवारों के हित में एक नई पहल करते हुए ‘आयकर परिवार आपात सेवा’ की शुरुआत की। इस सेवा का लाभ विभाग में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कार्मिकों और उनके परिवारों को आपात परिस्थितियों में मिलेगा।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के अध्यक्ष का बधाई संदेश साझा किया गया। समारोह के दौरान विभाग की उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई, जिसमें करदाता सेवाओं, प्रशासनिक सुधारों और राष्ट्र निर्माण में आयकर विभाग की भूमिका को रेखांकित किया गया।

समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए। विभाग ने सेवानिवृत्त अधिकारियों, कर्मचारियों और टैक्स बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा।

आयकर दिवस केवल जयपुर तक सीमित नहीं रहा। राजस्थान के सभी 45 आयकर कार्यालयों में इस अवसर पर जनजागरूकता और सामाजिक सरोकार से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूर्व में भरतपुर से लेकर पश्चिम में जैसलमेर और उत्तर में श्रीगंगानगर से दक्षिण में बांसवाड़ा तक विभागीय कार्यालयों में उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियां आयोजित हुईं।

प्रदेशभर में पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इसके अलावा सरकारी और निजी विद्यालयों में ड्रॉइंग, पेंटिंग, निबंध लेखन, वाद-विवाद और कविता पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें 1,200 से अधिक विद्यार्थियों और 80 से अधिक शिक्षकों ने भाग लिया।

सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए पांच केंद्रों पर साइक्लोथॉन और वॉकाथॉन आयोजित किए गए, जबकि 19 स्थानों पर स्वास्थ्य जांच शिविर और रक्तदान शिविर लगाए गए। इन अभियानों में अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही तथा 200 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। आयोजन ने कर प्रशासन के साथ-साथ सामाजिक सेवा और जनहित के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को भी मजबूती से सामने रखा।

मुख्य आयुक्त (सीजीएसटी) हरमीत सिंह नारंग,प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त सुमीत कुमार ,167वां आयकर दिवस

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *