लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ अगले आर्मी चीफ होंगे: जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह लेंगे; दो महीने पहले उप सेना प्… – Dainik Bhaskar

wp header logo 564

लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ देश के अगले आर्मी चीफ होंगे। केंद्र सरकार ने शनिवार को चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के लिए उनकी नियुक्ति की मंजूरी दी। सेठ मौजूदा आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 जून को खत्म होगा।
उसी दिन सेठ भारत के 31वें आर्मी चीफ का पद संभालेंगे। वे अभी उप सेना प्रमुख के पद पर हैं। उन्होंने दो महीने पहले, 1 अप्रैल को यह पद संभाला था। उप सेना प्रमुख भारतीय सेना के दूसरे सबसे बड़े अधिकारी होते हैं।
बतौर उप सेना प्रमुख धीरज सेठ आर्मी चीफ के साथ मिलकर सेना के कामकाज, सैन्य तैयारियों और नई तकनीक को शामिल करने जैसे अहम काम देखते हैं। सेना के संचालन और व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से चलाने की जिम्मेदारी भी उनके पास होती है।
40 साल के दौरान कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं
दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन पाने वाले लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना में लगभग चार दशक का अनुभव है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी सीमा और रेगिस्तानी इलाकों समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं।
धीरज सेठ दक्षिण-पश्चिमी कमान और दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (GOC-in-C) रह चुके हैं। वे उन चुनिंदा अधिकारियों में शामिल हैं, जिन्होंने पश्चिमी मोर्चे पर दो प्रमुख ऑपरेशनल कमानों का नेतृत्व किया है। इसके अलावा उन्होंने अंगोला में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन, सेना मुख्यालय और सेना के क्षमता विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण पदों पर भी सेवा दी है।
भारत के अलावा फ्रांस-अमेरिका में भी पढ़ाई की
धीरज सेठ मे खड़कवासला स्थित नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) और देहरादून स्थित इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA) से पढ़ाई की है। इसके अलावा वे वेलिंगटन के डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज (DSSC), महू के आर्मी वॉर कॉलेज और नई दिल्ली के नेशनल डिफेंस कॉलेज के भी पूर्व छात्र हैं।
बाद में उन्होंने फ्रांस के कॉलेज इंटरआर्मे डी डिफेंस में जनरल स्टाफ कोर्स और अमेरिका के नेवल पोस्टग्रेजुएट स्कूल में इंटरनेशनल डिफेंस एक्विजिशन मैनेजमेंट कोर्स किया। यंग ऑफिसर्स कोर्स में उन्हें ‘सिल्वर सेंचुरियन’ सम्मान मिला था।
उन्होंने जूनियर कमांड कोर्स समेत सेना के कई ट्रेनिंग कोर्सेज में फर्स्ट रैंक हासिल किया। उन्हें साल 2006 में DSSC में अपने कोर्स का बेस्ट ऑल राउंड स्टूडेंट ऑफिसर मेडल मिला था।
सेना बैकग्राउंड वाले परिवार से आते हैं सेठ
धीरज सेठ सेना के बैकग्राउंड वाले परिवार से आते हैं। उनके पिता लेफ्टिनेंट जनरल कृष्ण मोहन सेठ भारतीय सेना में एडजुटेंट जनरल के पद से 1997 में रिटायर हुए थे।
जनरल कृष्ण मोहन सेठ ने सेना की दो बड़ी और अहम टुकड़ियों XXI स्ट्राइक कोर और III कोर की कमान भी संभाली थी।
धीरज सेठ खेलों में भी गहरी रुचि रखते हैं। उन्हें टेनिस और गोल्फ खेलना पसंद है। उनकी पत्नी का नाम कोमल सेठ है।
—————————–
यह खबर भी पढ़ें…
जनरल सुब्रमणि ने देश के नए CDS का पदभार संभाला:पाकिस्तान-चीन मामलों के एक्सपर्ट हैं
देश के नए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने 31 मई को पदभार संभाल लिया। दिल्ली में उन्हें साउथ ब्लॅाक लॅान्स में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वे देश के तीसरे CDS है। उन्होंने जनरल अनिल चौहान की जगह ली है। जनरल चौहान शनिवार को रिटायर हुए थे। पूरी खबर पढ़ें…
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *