इंजीनयरिंग छात्रा पर हमला,घर में घुसे आरोपियों पर केस दर्ज
इंडिया प्राइम टीवी राष्ट्रीय डेस्क | बेंगलुरु इंजीनयरिंग छात्रा पर हमला कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर जिले के चिंतामणि शहर में एक इंजीनियरिंग छात्रा पर घर में घुसकर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि चार लोगों ने छात्रा के घर में जबरन प्रवेश किया, घर में जमकर तोड़फोड़ की और फिर उस पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना चिंतामणि के आश्रया लेआउट इलाके की है। पीड़िता बी.ई. प्रथम वर्ष की छात्रा है और पढ़ाई के साथ-साथ स्थानीय नूतन हाई स्कूल में पार्ट-टाइम डांस टीचर के रूप में भी कार्य करती है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गैरकानूनी तरीके से छात्रा के घर में घुसे और घरेलू सामान में तोड़फोड़ करने के बाद उस पर चाकू से हमला कर फरार हो गए। हमले में छात्रा घायल हुई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर चार लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया। फिलहाल पुलिस हमले के पीछे की वजह, आरोपियों की भूमिका और संभावित आपसी विवाद के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
