मिस्र सड़क हादसा:16 लोगों की मौत, 28 घायल
इंडिया प्राइम टीवी इंटरनेशनल डेस्क मिस्र (Egypt) के दक्षिण सिनाई (South Sinai) प्रांत में बुधवार, 2 सितंबर 2026 की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 16 लोगों की मौत हो गई और 28 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह भीषण दुर्घटना तब हुई जब यात्रियों से भरी एक बस दहाब-नुवैबा (Dahab-Nuweiba) रोड पर अल-सादा क्षेत्र के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। शुरुआती स्थानीय जांच और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बस चालक बहुत तेज गति (High Speed) से गाड़ी चला रहा था, जिसके कारण वह वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और बस पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने तुरंत केंद्रीय परिचालन कक्ष को सक्रिय किया और राहत कार्य के लिए घटनास्थल पर 20 एम्बुलेंस गाड़ियां रवाना कीं। दुर्घटना में घायल हुए सभी 28 लोगों को तुरंत प्राथमिक उपचार देकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि 16 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रहने और घायलों को उच्च स्तरीय चिकित्सा देखभाल, आवश्यक दवाएं और चिकित्सा आपूर्ति प्रदान करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। आपको बता दें कि रेड सी (लाल सागर) तट के पास स्थित यह पूरा इलाका दुनिया भर के पर्यटकों के बीच अपनी प्राकृतिक सुंदरता, पहाड़ों और डाइविंग के लिए बेहद लोकप्रिय है







