भास्कर अपडेट्स: जम्मू-कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तानी युवक गिरफ्तार, LOC पार कर भारत में घुसा – Dainik Bhaskar

wp header logo 118

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर भारत में घुसे एक पाकिस्तानी युवक को गुरुवार को गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवक की पहचान जावेद अहमद के रूप में हुई है। वह पाकिस्तान के टेट्रिनोट इलाके का रहने वाला है। अधिकारियों के अनुसार, सेना के जवानों ने निगरानी के दौरान उसे हिरासत में लिया।
इसके बाद आरोपी का पुंछ स्थित राजा सुखदेव सिंह अस्पताल में मेडिकल कराया गया और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
भारतीय मेजर ने 91 देशों को पीछे छोड़कर अमेरिका में जीते अवॉर्ड, पहली बार किसी भारतीय को ऐसी उपलब्धि
भारतीय सेना के मेजर प्रभात मिश्रा ने अमेरिकी सेना कमांड और जनरल स्टाफ कॉलेज (सीजीएससी) में दो शीर्ष शैक्षणिक अवॉर्ड जीते हैं। मेजर मिश्रा को उत्कृष्ट मास्टर ऑफ मिलिट्री आर्ट्स एंड साइंस थीसिस के लिए बिरर-ब्रूक्स अवॉर्ड दिया गया है। वहीं, जनरल डगलस मैकआर्थर मिलिट्री लीडरशिप राइटिंग अवार्ड से भी सम्मानित किया गया है।
10 महीने के इस नेतृत्व कार्यक्रम में 92 देशों के अधिकारी शामिल हुए। इस वर्ष 951 को उपाधि मिली। अमेरिका का यह कॉलेज दुनिया के सबसे प्रमुख सैन्य शिक्षा संस्थानों में से एक है। 1894 से 170 देशों के 8,700 अ​फसर प्रशिक्षण ले चुके हैं।
कौन हैं मेजर प्रभात मिश्रा? प्रभात मिश्रा 22 कुमाऊं रेजीमेंट के मेजर हैं। 1948 के बाद से पहले भारतीय ​अधिकारी हैं, जिन्होंने बिरर-ब्रूक्स अवॉर्ड जीता है। डगलस मैकआर्थर मिलिट्री लीडरशिप अवॉर्ड जीतने वाले भी वे पहले भारतीय हैं। विद्वतापूर्ण योगदान के लिए उन्हें ‘गोल्डन पेन’ से भी नवाजा गया।
बांग्लादेशी महिला की मौत, दिल्ली होटल अग्निकांड में मौतों का आंकड़ा 23 पर पहुंचा
दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल फ्लोरिश स्टे में लगी भीषण आग में मृतकों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। बुधवार को इलाज के दौरान एक बांग्लादेशी महिला की मौत हो गई। इससे पहले मंगलवार को नाइजीरियाई नागरिक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
मृतक बांग्लादेश की महिला नागरिक थी, जो इलाज करवाने भारत आई थी। लेकिन, 3 जून को होटल में लगी आग में झुलस गई थी। हादसे में घायल अन्य लोगों का इलाज अभी भी जारी है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं।
तमिलनाडु में पर्यटकों की गाड़ी पलटी, एक ही परिवार के 14 लोग गंभीर
तमिलनाडु के नीलगिरि जिले में ऊटी के पास बुधवार को एक पर्यटक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में आंध्र प्रदेश के एक ही परिवार के 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, विशाखापट्टनम के अक्कय्यापालेम इलाके के 22 सदस्यीय परिवार के लोग मैसूरु और ऊटी समेत विभिन्न पर्यटन स्थलों की यात्रा के बाद अपने घर लौट रहे थे।
जब उनका वाहन नीलगिरि जिले के कुन्नूर घाट रोड पर नंदगोपाल ब्रिज के पास पहुंचा, तभी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हाईकोर्ट ने दिल्ली दंगा मामले में आरोपी ताहिर की जमानत पर पुलिस से मांगा जबाव
दिल्ली हाईकोर्ट ने 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगा मामले में आरोपी और आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन की जमानत याचिका पर दिल्ली पुलिस से 4 हफ्ते में जवाब मांगा है। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 14 जुलाई तय की है।
कोर्ट ने पुलिस को अपील दाखिल करने में हुई 87 दिनों की देरी को माफ करने वाली अर्जी पर भी जवाब देने का समय दिया है। ताहिर हुसैन ने कड़कड़डूमा कोर्ट के 29 जनवरी के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी।
650 करोड़ के घोटाला मामले में दिल्ली CM ने दो डॉक्टरों को निलंबित करने का आदेश दिया
दिल्ली सरकार की सेंट्रल प्रिक्योरमेंट एजेंसी (सीपीए) में दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की खरीद में 650 करोड़ रुपए के महाघोटाले के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सख्त रुख अपनाया है।
विजिलेंस की छापेमारी में यह बात सामने आई कि सरकारी अस्पतालों के लिए दवाएं, ओआरएस और मेडिकल उपकरण बाजार मूल्य से 10 से 15 गुना अधिक कीमतों पर खरीदे गए थे।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने एक्स पोस्ट में कहा कि उन्होंने इस मामले में स्वतः संज्ञान लिया है। इस मामले में एफआईआर दर्ज करने और 2 डॉक्टरों को निलंबित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *