नवनियुक्त SP ने नावा थाने का किया निरीक्षण: 50 लाख की चोरी और धरने पर बोले- पुलिस जांच कर रही, जल्द पकड़े ज… – Dainik Bhaskar

wp header logo 205

डीडवाना-कुचामन जिले के नवनियुक्त एसपी डॉ. प्यारे लाल शिवरान गुरुवार को नावा दौरे पर रहे। पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार नावा थाने पहुंचे थे। एसपी शिवरान को पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। स्टाफ ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
पेंडिंग चल रहे मामलों का जल्द निपटाएं
एसपी ने एडिशनल एसपी, सीओ, सीआई और पुलिस कर्मियों की बैठक लेकर कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने, थाने आने वाले परिवादियों को सहजता से न्याय दिलाने और आमजन के साथ अच्छा बर्ताव करने के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा- पुलिसकर्मी अपराधियों में भय, आमजन में विश्वास के स्लोगन को चरितार्थ करते हुए काम करें। इसके साथ ही उन्होंने लंबे समय से पेंडिंग चल रहे मामलों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।
​अवैध कारोबार और नशे पर कड़ा एक्शन
जब एसपी से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध बजरी, मुरड और गीली लकड़ी के परिवहन को लेकर सवाल पूछे गए तो उन्होंने कहा- इसके लिए पुलिस की एक स्पेशल टीम बनाई जाएगी। यह टीम माइनिंग और अन्य संबंधित विभागों के साथ मिलकर जल्द ही बड़ कार्रवाई करेगी।
शहर में बढ़ते नशे के कारोबार को रोकने के लिए उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्धों पर नजर रखने की बात कही। वहीं, पिछले दिनों शहर में हुई 50 लाख की बड़ी चोरी के मामले में उन्होंने कहा- फाइल देखकर जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
​53 दिन से चल रहे धरने पर भी बोले
नावा में पिछले 53 दिनों से एसडीएम कार्यालय के बाहर जानलेवा हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना दिया जा रहा है। इस मामले पर जवाब देते हुए एसपी शिवरान ने कहा- पुलिस का अनुसंधान लगातार जारी है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया- इस केस की फाइल अभी डीडवाना-कुचामन जिले में नहीं है, बल्कि जांच के लिए दूसरे जिले में भेजी गई है, जिस पर पुलिस टीम काम कर रही है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *