राजस्थान रोडवेज की नई बसे : 144 बसों को मिली हरी झंडी, सफर होगा पहले से ज्यादा आसान

इंडिया प्राइम जयपुर । राजस्थान रोडवेज की नई बसे राजस्थान में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को जयपुर के हीरापुरा बस टर्मिनल से राजस्थान रोडवेज की 144 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने बस चालकों से संवाद भी किया और उनके साथ समूह फोटो खिंचवाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर कोने तक सुरक्षित, आधुनिक और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नई बसों के संचालन से लाखों यात्रियों को आरामदायक यात्रा का लाभ मिलेगा और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि प्रभावी प्रबंधन, वित्तीय अनुशासन और पारदर्शी कार्यप्रणाली के कारण राजस्थान रोडवेज अब घाटे से निकलकर लाभ की स्थिति में पहुंच चुका है। सरकार ने कर्मचारियों को समय पर वेतन सुनिश्चित करने के साथ परिवहन सेवाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया है।
नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसों को आधुनिक तकनीक और सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। इनमें यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस आधारित लोकेशन ट्रैकिंग, पैनिक बटन, उद्घोषणा प्रणाली, रिवर्स सेंसर और आपातकालीन अलर्ट सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्रत्येक सीट पर मोबाइल चार्जिंग की व्यवस्था भी की गई है, जबकि बसों में एलईडी डेस्टिनेशन बोर्ड लगाए गए हैं।
यात्रियों की सुविधा और मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए वैशाली नगर डिपो की पांच नई बसों में एलईडी टीवी भी लगाए गए हैं। रोडवेज के अनुसार आगामी चरणों में अन्य डिपो की बसों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए सड़क सुरक्षा अग्रदूत महिलाओं को हेलमेट वितरित किए। उन्होंने प्रदेशवासियों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित यात्रा केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।
यह भी पढ़े कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में रजत पदक जीतने वाले वेटलिफ्टर राजा मुथुपांडी की कहानी संघर्ष भरी
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मंजू शर्मा, जनप्रतिनिधि, रोडवेज अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन भी उपस्थित रहे।






