Pravasi Rajasthani Diwas : सीएम का बड़ा प्लान, दुनियाभर के राजस्थानियों से जुड़ेगा प्रदेश

इंडिया प्राइम जयपुर Pravasi Rajasthani Diwas मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रवासी राजस्थानी दिवस केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि दुनियाभर में बसे राजस्थानियों को अपनी मातृभूमि के विकास और निवेश से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने अधिकारियों को आगामी 10 दिसंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की सभी तैयारियां समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
रविवार को आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना बेहद जरूरी है। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में नए चैप्टर्स जल्द शुरू किए जाएं और जिला प्रशासन के माध्यम से भी नियमित समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि प्रवासियों का अपने प्रदेश से जुड़ाव और मजबूत हो सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में ऊर्जा एवं अक्षय ऊर्जा, पर्यटन एवं हॉस्पिटेलिटी, शहरी विकास, औद्योगिक विकास, खनन, पेट्रोकेमिकल सहित विभिन्न क्षेत्रों पर सेक्टोरल सत्र आयोजित किए जाएं। इन सत्रों के जरिए निवेश, नवाचार और विकास से जुड़े अवसरों पर व्यापक चर्चा होगी।
यह भी पढ़ें ;JDA डिजिटल रिकॉर्ड अभियान : 6 महीने में 2.30 लाख फाइलें हुईं डिजिटल
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिक से अधिक प्रवासी राजस्थानियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए देश-विदेश के प्रमुख शहरों में रोड शो आयोजित किए जाएं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को इन कार्यक्रमों की तैयारियां तय समयसीमा में पूरी करने के निर्देश भी दिए।
भजनलाल शर्मा ने विशेष रूप से शेखावाटी क्षेत्र के प्रवासी राजस्थानियों के लिए अलग कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने क्षेत्र की 660 से अधिक ऐतिहासिक हवेलियों का चिन्हीकरण किया है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और प्रवासी अपनी सांस्कृतिक विरासत से और अधिक जुड़ सकेंगे।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रवासी राजस्थानी दिवस के दौरान निवेश, उद्योग, पर्यटन और अन्य प्रमुख क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों की सहभागिता के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा व्यापक जनसंपर्क के लिए अलग-अलग शहरों में रोड शो भी होंगे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने वर्ष 2024 में राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान प्रत्येक वर्ष 10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थानी दिवस मनाने की घोषणा की थी। इसी क्रम में इस वर्ष इस आयोजन का दूसरा संस्करण आयोजित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें ;राजस्थान रोडवेज की नई बसे : 144 बसों को मिली हरी झंडी, सफर होगा पहले से ज्यादा आसान
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित उद्योग, वित्त, पर्यटन, ऊर्जा, नगरीय विकास, कृषि और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।






