बंद मकान का ताला तोड़कर 2.50 लाख की चोरी, आरोपी दबोचा – Dainik Bhaskar
रामपुरा बस्ती में फायरिंग करने वाले दो गिरफ्तार, पिस्टल-कैंपर जब्त
बीकानेर | मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र की रामपुरा बस्ती गली-18 में 8 जून को हुई फायरिंग के मुख्य आरोपी संदीप स्वामी और मुकेश बिश्नोई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। संदीप से अवैध देशी पिस्टल और मुकेश से कैंपर गाड़ी जब्त की गई। 8 जून शाम 7 बजे लेन-देन और पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। दोनों तरफ से फायरिंग की गई। थाने में दोनों पक्षों ने अलग-अलग मुकदमा दर्ज कराया था। सीआे रोहित चौधरी के सुपरविजन में जांच कर पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को दबोचा। कोर्ट से पीसी रिमांड लेकर पूछताछ जारी है। आरोपी संदीप स्वामी उम्र 30 साल और मुकेश बिश्नोई उम्र 28 साल गली-18 रामपुरा बस्ती के रहने वाले हैं।
नयाशहर में घर से लाखों की चोरी, दो शातिर चोर गिरफ्तार, माल बरामद
बीकानेर | नयाशहर पुलिस ने मुरलीधर व्यास कॉलोनी में हुए चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी का माल बरामद कर लिया गया है। 8 जून को धर्मेश कुमार ओझा निवासी डी-764 मुरलीधर व्यास कॉलोनी ने रिपोर्ट दी कि 4-5 जून की रात अज्ञात चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण और सामान चुरा ले गए। थानाधिकारी कविता पुनिया की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शुभम स्वामी उर्फ नारायण उम्र 23 साल और अजय उर्फ अर्जुन उम्र 18 साल को पकड़ा। दोनों नयाशहर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पूछताछ में माल बरामद हुआ।
ऑपरेशन नीलकंठ…गांजा बेचते पकड़ा गया तस्कर
बीकानेर | मुक्ताप्रसाद नगर पुलिस ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत 100 ग्राम अवैध गांजा के साथ तस्कर अमरजीत कुमार को गिरफ्तार किया है। 13 जून को गश्त के दौरान एंटी नारकोटिक्स टीम की सूचना पर करणी रीको एरिया में एक शख्स पुलिस को देख भागने लगा। घेराबंदी कर पकड़ा तो उसके कब्जे से 100 ग्राम गांजा मिला। आरोपी अमरजीत कुमार बनवासी पुत्र दीनानाथ उम्र 42 साल बलिया, यूपी का रहने वाला है। हाल में बीकाजी फैक्ट्री के पीछे चकगर्बी बीकानेर में रह रहा था। एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर जांच नयाशहर थाना को सौंपी गई है।
7 महीने से लापता नाबालिग को पुलिस ने ढूंढ निकाला
बीकानेर | मुक्ताप्रसाद नगर पुलिस ने 7 महीने पहले घर से लापता हुए 15 साल के नाबालिग को दस्तयाब कर लिया है। 1 दिसंबर 2025 को परिवादी ने रिपोर्ट दी थी कि उसका बेटा 19 नवंबर 2025 को बिना बताए घर से निकल गया। रिश्तेदारों और आसपास तलाश के बाद भी नहीं मिला। थानाधिकारी विजेन्द्र सीला की टीम ने बालक को खोज निकाला आैर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बीकानेर | मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस ने रात में बंद मकान में नकबजनी करने वाले आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से चोरी का माल बरामद हुआ है। 7 जून को सुरेश कुमार निवासी एफसीआई गोदाम के पास बंगला नगर ने रिपोर्ट दी थी कि वह 21 मई को परिवार सहित बाहर गया था। 5 जून को लौटने पर घर से सोने-चांदी के जेवरात और 2.50 लाख रुपए नकद चोरी मिले। थानाधिकारी विजेंद्र सीला की टीम ने तकनीकी अनुसंधान से आरोपी सोनू पुत्र सीताराम जाति रामावत उम्र 26 साल को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूली। अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ जारी है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
