PM Modi Rajasthan Visit: दौरे की तैयारियां तेज, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने अधिकारियों को दिए अंतिम निर्देश
इंडिया प्राइम टीवी ब्यूरो | PM Modi Rajasthan Visit: जयपुर पीएम मोदी राजस्थान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4 जुलाई को प्रस्तावित राजस्थान दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंगलवार को राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया तथा समयबद्ध और समन्वित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस, गृह, ऊर्जा, माइंस एवं पेट्रोलियम, सूचना प्रौद्योगिकी, जल संसाधन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं संबंधित जिलों के संभागीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक (IG), जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
तैयारियों की हुई विस्तृत समीक्षा
बैठक के दौरान अधिकारियों ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रमों से जुड़ी सभी तैयारियों का प्रस्तुतीकरण दिया। कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सूचना प्रौद्योगिकी, चिकित्सा सुविधाएं, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था समय पर और सुचारु रूप से पूरी होनी चाहिए।
पचपदरा रिफाइनरी का करेंगे लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को बालोतरा जिले के पचपदरा में देश की महत्वपूर्ण रिफाइनरी परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वे 1.01 लाख करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित 53 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह तैयार
बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े राजस्थान पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे के लिए सभी सुरक्षा प्रबंध लगभग पूरे कर लिए गए हैं। राज्य पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ लगातार काम कर रही हैं।
वहीं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार सिंह ने कहा कि जोधपुर और बालोतरा में होने वाले कार्यक्रमों की सभी आवश्यक तैयारियां तय समय पर पूरी की जा रही हैं और सभी विभाग मिलकर सफल आयोजन सुनिश्चित करने में जुटे हैं।
हाई-प्रोफाइल दौरे पर पूरे प्रदेश की नजर
प्रधानमंत्री का यह दौरा राजस्थान के लिए विकास और निवेश की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पचपदरा रिफाइनरी के लोकार्पण के साथ बड़ी विकास परियोजनाओं की शुरुआत, रोजगार से जुड़े कार्यक्रम और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
PM Modi Rajasthan Visit, Narendra Modi Rajasthan Tour, Pachpadra Refinery, V Srinivas Chief Secretary, Rajasthan News, Balotra Refinery, HRRL Inauguration, PM Modi 4 July Visit, Rajasthan Development Projects, India Prime TV
