लायंस क्लब जयपुर सीए की नई टीम ने संभाली कमान, 15 नए सदस्य जुड़े; जयपुर फुट से दिव्यांगों की मदद का संकल्प
लायंस क्लब जयपुर सीए की नई टीम ने संभाली कमान,
इंडिया प्राइम जयपुर। लायंस क्लब जयपुर चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (डिस्ट्रिक्ट 3233 ई-1) की लायनिस्टिक वर्ष 2026-27 की नई टीम ने पदभार संभाल लिया है। होटल हॉलिडे इन, जयपुर में आयोजित पदस्थापन समारोह में नई टीम को शपथ दिलाई गई। इस दौरान क्लब से जुड़े 15 नए सदस्यों का स्वागत एवं शपथ ग्रहण भी हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमजेएफ लायन डॉ. आशुतोष वशिष्ठ रहे। एमजेएफ पीडीजी लायन अंजना जैन, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एवं वर्तमान चीफ डिस्ट्रिक्ट एडवाइजर ने इंस्टॉलेशन ऑफिसर की भूमिका निभाई। वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर-II लायन सी.एस. तोमर, रीजन-4 चेयरमैन लायन वीरेन कोराडिया और जोन चेयरमैन लायन सीए सचिन कुमार जैन सहित कई पदाधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

रजत चेतानी बने अध्यक्ष
इंस्टॉलेशन ऑफिसर अंजना जैन ने वर्ष 2026-27 की नई टीम को पद एवं सेवा की शपथ दिलाई। लायन सीए रजत चेतानी को अध्यक्ष, लायन सीए विनय कुमार जिंदल को सचिव और लायन सीए गोविंद कुमार अग्रवाल को कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा सीए स्वाति जैन को उपाध्यक्ष-I, सीए शिशिर अग्रवाल को उपाध्यक्ष-II, सीए नवीन कूलवाल को संयुक्त सचिव और सीए शरद काबरा को क्लब एडमिनिस्ट्रेटर की जिम्मेदारी दी गई। सीए विरेंद्र परवाल क्लब सर्विस चेयरपर्सन, सीए सचिन कुमार जैन क्लब मार्केटिंग चेयरपर्सन और सीए सुशील कुमार जालान मेंबरशिप चेयरपर्सन होंगे।
जयपुर फुट के सहयोग से दिव्यांगों की मदद
नई टीम ने वर्ष 2026-27 के लिए सेवा गतिविधियों को प्राथमिकता देने की बात कही है। अध्यक्ष रजत चेतानी ने घोषणा की कि क्लब की प्रमुख सेवा गतिविधि जयपुर फुट (महावीर विकलांग समिति) के सहयोग से अंगहीन व्यक्तियों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराना होगी।
रजत चेतानी ने कहा कि किसी व्यक्ति को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करना केवल उसे कृत्रिम अंग देना नहीं है, बल्कि उसे आत्मनिर्भर बनने और अपने परिवार का भरण-पोषण करने की क्षमता लौटाना है। उन्होंने कहा कि क्लब का प्रयास जरूरतमंद परिवारों को गरीबी और भुखमरी के चक्र से बाहर निकालने में योगदान देना है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह की शुरुआत गायत्री मंत्र और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। गणेश वंदना, ध्वज वंदना और विश्व शांति के लिए मौन के बाद लायंस विश्व शांति प्रार्थना की गई। क्लब के नन्हे सदस्यों उमिका चेतानी, वम्शी जिंदल, अमोहा जैन, शिविका अग्रवाल और अनुष्का भाला ने सरस्वती वंदना पर नृत्य सहित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष सीए सुभाष विजय ने स्वागत भाषण दिया। निवर्तमान सचिव सीए रजत चेतानी ने वर्ष 2025-26 की गतिविधियों की रिपोर्ट और निवर्तमान कोषाध्यक्ष सीए राम प्रकाश विजय ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया।
नई टीम के पदाधिकारियों ने क्लब की सेवा गतिविधियों को और प्रभावी बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में निवर्तमान टीम को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, जबकि सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले बच्चों को भी उपहार प्रदान किए गए। राष्ट्रगान के बाद रात्रिभोज के साथ समारोह का समापन हुआ।
लायंस क्लब जयपुर चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, लायंस क्लब्स इंटरनेशनल की सेवा शाखा के रूप में सामुदायिक कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और मानवीय सेवा के क्षेत्र में कार्य करता है। क्लब का आदर्श वाक्य ‘वी सर्व’ है।







