यूपी की बड़ी खबरें: झांसी में स्क्रैप कारोबारी से 10 लाख की ठगी करने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, 6.27 लाख बरामद – Dainik Bhaskar
झांसी में स्क्रैप कारोबारी से 10 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने बुधवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने सस्ते दाम पर सोना दिलाने का लालच देकर कारोबारी से ठगी की थी। पीड़ित ने दो दिन पहले बरुआसागर थाने में मामला दर्ज कराय
बुधवार देर रात करीब एक बजे मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी धमना रोड स्थित बारई तिराहे से होकर गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बल प्रयोग कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी के 6.27 लाख रुपए नकद, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। पढ़िए पूरी खबर…
अम्बेडकरनगर में मुर्गी फार्म में भीषण आग, 5 हजार मुर्गियां जिंदा जलीं; ग्रामीणों ने बुझाया
अम्बेडकरनगर में बुधवार देर रात एक मुर्गी फार्म में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से फार्म में मौजूद 5 हजार मुर्गियां और अन्य सामान जलकर राख हो गए। इस घटना से फार्म मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
यह हादसा देर रात करीब तीन बजे सचिन सिंह के मुर्गी फार्म में हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे फार्म को अपनी चपेट में ले लिया। फार्म में लगभग 5,000 मुर्गियों के पालन की क्षमता थी।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता के कारण उनके प्रयास सफल नहीं हो सके। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग की गाड़ी घटनास्थल पर करीब 3 घंटे बाद पहुंची। घटना के जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के जमलूपुर गांव की है। पढ़िए पूरी खबर…
गोरखपुर के स्पा सेंटर में चल रहा था देह व्यापार: कस्टमर बनकर पुलिस ने छापा मारा, 3 गिरफ्तार; 5 लड़कियों को मुक्त कराया
गोरखपुर के तारामंडल क्षेत्र स्थित बुद्धनगर में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के नेटवर्क का रामगढ़ताल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान पांच युवतियों को मुक्त कराया गया, जबकि एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस फरार स्पा संचालक की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस को करीब एक सप्ताह पहले सूचना मिली थी कि बुद्धनगर स्थित एक स्पा सेंटर में मसाज और वेलनेस सेवाओं की आड़ में देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में ठोस साक्ष्य नहीं मिलने पर पुलिस ने गुप्त निगरानी जारी रखी।
इसके बाद पुलिस टीम ग्राहक बनकर स्पा सेंटर पहुंची और मौके पर छापेमारी कर पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया। पढ़िए पूरी खबर….
फतेहपुर में जमीनी विवाद में किसान की पीट-पीटकर हत्या: सरिया और लोहे की रॉड से हमला कर मार डाला, कोई संतान नहीं थी
फतेहपुर में जमीनी विवाद के चलते 65 वर्षीय बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों के मुताबिक, गांव के कुछ लोगों से उनकी भूमि को लेकर लंबे समय से रंजिश चल रही थी। मामला न्यायालय में विचाराधीन है और गुरुवार को इसकी सुनवाई भी प्रस्तावित थी। इससे पहले बुधवार रात दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
इसी दौरान दबंगों ने बुजुर्ग को घेर लिया। सरिया और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना जाफरगंज थाना क्षेत्र के अंगदपुर गांव की है। मृतक की पहचान तक्की लाल सोनकर (65) पुत्र लक्ष्मन निवासी अंगदपुर के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पढ़िए पूरी खबर…
गाजियाबाद MMG अस्पताल में चाकू लेकर घुसी महिला-हंगामा, डॉक्टर को धमकाया-टेबल से फाइलें गिराई
गाजियाबाद के MMG अस्पताल में BP चेक कराने आई महिला ने जमकर हंगामा किया। चाकू लेकर इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर-मरीजों को धमकाया। टेबल पर रखी फाइलें गिरा दीं। इस दौरान डॉक्टर कुर्सी छोड़कर भाग खड़े हुए।
लगभग 15 मिनट तक हंगामा चला। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कई मरीज और उनके परिजन भी इमरजेंसी वार्ड से बाहर निकल गए। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। हॉस्पिटल के सुरक्षाकर्मियों ने महिला के हाथ से चाकू छीनकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पढ़ें पूरी खबर
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
