जाट लोक सेवक समिति का वार्षिक अधिवेशन का समापन: कन्या छात्रावास और कोचिंग संचालन की जानकारी दी, पिछले एक वर… – Dainik Bhaskar
जाट लोक सेवक समिति का वार्षिक अधिवेशन एवं साधारण सभा की बैठक रविवार को नोहर स्थित जाट कन्या छात्रावास परिसर में संपन्न हुई। इस बैठक में समिति के पदाधिकारियों और स्थायी सदस्यों ने भाग लिया
प्रचार मंत्री कुलदीप सहू ने बताया- समिति अध्यक्ष बनवारी लाल सिहाग ने कन्या छात्रावास और कोचिंग संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णयों तथा आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की। सचिव राजेश थाकन ने पिछले एक वर्ष के कार्यों और बैठकों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष मुरारी लाल पूनिया ने वित्तीय वर्ष का आय-व्यय ब्यौरा सदस्यों के समक्ष रखा।
सदस्यों ने सुझाव रखें
अधिवेशन के दौरान उपस्थित सदस्यों को अपने सुझाव और प्रस्ताव प्रस्तुत करने का अवसर मिला। विभिन्न सदस्यों ने छात्रावास के विकास, शैक्षिक सुविधाओं के विस्तार और कोचिंग संस्थान के सुचारु संचालन पर अपने विचार रखे, जिन पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
समिति ने भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने के लिए छात्रावास विस्तार, शिक्षा संवर्धन और अन्य जनहितकारी गतिविधियों से संबंधित सुझाव भी आमंत्रित किए हैं। इन सुझावों के आधार पर आगामी वर्ष के लिए विकास योजनाएं बनाई जाएंगी।
कोचिंग हॉल और एक समृद्ध पुस्तकालय का निर्माण जारी
बैठक में यह भी बताया गया- समिति पिछले 25 वर्षों से बालिका शिक्षा और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में सक्रिय है। वर्तमान शैक्षणिक आवश्यकताओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की बढ़ती प्रतिस्पर्धा को ध्यान में रखते हुए, छात्रावास परिसर में एक आधुनिक कोचिंग हॉल और एक समृद्ध पुस्तकालय का निर्माण किया जा रहा है।
इसका उद्देश्य छात्रावास में रहने वाली और क्षेत्र की अन्य बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग तथा अध्ययन सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
अधिवेशन के समापन पर, समिति के पदाधिकारियों ने सभी स्थायी सदस्यों का उनके सहयोग और सक्रिय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सदस्यों के मार्गदर्शन और समर्थन से संस्था भविष्य में भी शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करती रहेगी।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
