अगुवानी-सुल्तानगंज पुल निर्माण का विधायक ने लिया जायजा: मुख्य धारा में तीन स्थानों पर वैल कैप तैयार, कहा-यह… – Dainik Bhaskar
बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी अगुवानी-सुल्तानगंज गंगा पुल परियोजना का निर्माण कार्य अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। गुरुवार को परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य ने निर्माण स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया और गंगा की मुख्य धारा सहित विभिन्न हिस्सों में चल रहे कार्य
निरीक्षण के दौरान विधायक ने परियोजना से जुड़े अधिकारियों और इंजीनियरों से कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पाया कि निर्माण कार्य वर्तमान में पूरी गति से जारी है।
जानकारी के अनुसार, गंगा की मुख्य धारा में तीन अलग-अलग स्थानों पर वैल कैप निर्माण का कार्य चल रहा है। निर्माण एजेंसी द्वारा भारी मशीनों और आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। पिलर निर्माण के लिए कटिंग, सरिया बाइंडिंग, शटरिंग और कंक्रीटिंग जैसे कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं।
विधायक बाबूलाल शौर्य ने कहा कि यह परियोजना बिहार सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट है और इसे मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पुल के बन जाने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन सुगम होगा, जिससे व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि निर्माण एजेंसी एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना को पूरा करने के लिए दिन-रात कार्य कर रही है। अनुभवी इंजीनियरों की निगरानी में गुणवत्ता और प्रगति पर लगातार नजर रखी जा रही है, और तीनों प्रमुख कार्य स्थलों पर वरिष्ठ इंजीनियर तैनात हैं।
स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में आई तेजी पर संतोष व्यक्त किया है और उम्मीद जताई है कि यह पुल जल्द बनकर क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। विधायक के निरीक्षण के बाद निर्माण कार्य में और अधिक सक्रियता देखी जा रही है, जिससे परियोजना को समय पर पूरा करने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
