|

पाली-जोधपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: बेकाबू कार डिवाइडर पार कर खाई में पलटी, दो की मौत, महिला घायल- इंडिया प्राइम

पाली-जोधपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा

इंडिया प्राइम टीवी पाली रिपोर्टर 16 जून। राजस्थान के पाली-जोधपुर हाईवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मंडिया बाइपास के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सड़क किनारे खाई में गिरकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

घायल महिला को तत्काल बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसा मंगलवार सुबह करीब 7 बजे हुआ।

दो लोगों की मौत, एक महिला का इलाज जारी

सदर थाना प्रभारी कपूराराम ने बताया कि हादसे में जोधपुर जिले के पनवड़ निवासी कोषा (50), पत्नी पावन कुमार और आनंद कुमार (55), पुत्र हजारीलाल की मौत हो गई। दोनों के शवों को बांगड़ अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।

वहीं, आनंद कुमार की पत्नी आशा (50) घायल हो गईं। उनका बांगड़ अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जोधपुर से सिरोही जा रहे थे तीनों

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार में सवार तीनों लोग जोधपुर से सिरोही जा रहे थे। इसी दौरान मंडिया बाइपास के पास वाहन अचानक बेकाबू हो गया और डिवाइडर से टकराने के बाद खाई में जा पलटा।

हादसे के कारणों की जांच जारी

पुलिस के अनुसार, हादसे के पीछे वाहन के सामने अचानक किसी मवेशी के आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।

एसडीएम पहुंचे अस्पताल

हादसे की जानकारी मिलते ही पाली एसडीएम विमलेंद्र सिंह राणावत भी बांगड़ अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। मौके पर पहुंचे एएसआई मोहनलाल गुर्जर ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *