राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें: सांड ने बुजुर्ग को सींगों से उठाकर पटका, मौत; कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दौड़ा-… – Dainik Bhaskar
नमस्कार,
आज की सबसे बड़ी खबर जयपुर से है। यहां निर्माणाधीन बिल्डिंग की खुदाई के दौरान मिट्टी ढहने से 3 महिलाओं की मौत हो गई। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
पहले टॉप 5 खबरें 1. भाजपा 2 और कांग्रेस 1 राज्यसभा सीट पर जीती राजस्थान में राज्यसभा की 3 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया है। 2 सीटों पर भाजपा के सतीश पूनिया, अलका गुर्जर और 1 सीट पर कांग्रेस के नीरज डांगी ने जीत दर्ज की है। नाम वापसी का समय खत्म होने के बाद तीनों उम्मीदवारों को निर्विरोध चुने जाने की घोषणा कर दी गई। पूरी खबर पढ़ें
2. खुदाई के दौरान मिट्टी ढही, 3 महिलाओं की मौत जयपुर के वैशाली नगर में निर्माणाधीन बिल्डिंग की खुदाई के दौरान मिट्टी ढह गई। इस दौरान काम कर रही 3 महिला मजदूर दब गई। लोगों ने मिट्टी में दबी महिलाओं को बाहर निकाला। करणी विहार थाना पुलिस ने गंभीर हालत में तीनों को SMS हॉस्पिटल में एडमिट करवाया, जहां उनकी मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें
3. पायलट बोले- गहलोत को जितना वैभव से स्नेह, उतना ही मुझसे कांग्रेस नेता और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कहा- अशोक गहलोत का स्नेह और लगाव जैसे उनके बेटे वैभव गहलोत के साथ है, उतना ही स्नेह और लगाव मेरे साथ भी है। हम सब कांग्रेस के सिपाही हैं। इस दौरान उन्होंने नीट पेपर लीक और महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। पूरी खबर पढ़ें
4. किरोड़ीलाल मीणा बोले- हाथी के पीछे…रहते हैं कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने जयपुर के कानोता स्थित हीराबाला इंडस्ट्रियल एरिया में बायो फर्टिलाइजर फैक्ट्री पर छापा मारा। फैक्ट्री में नियमों की अनदेखी सामने आई। इस दौरान उन्होंने खुद पर लगे भ्रष्टाचार और वसूली के आरोपों पर कहा कि ये बेबुनियाद है। कहते हैं न कि हाथी के पीछे…रहते हैं। पूरी खबर पढ़ें
5. कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा बीकानेर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। PBM हॉस्पिटल पहुंचे चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता नारे लगा रहे थे। इस दौरान जबरदस्ती हॉस्पिटल में घुसने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने पहले चेतावनी दी, फिर जमकर लाठियां भांजी। पूरी खबर पढ़ें
अब 3 अहम खबरें 6. श्रीगंगानगर में बारिश के साथ ओले गिरे श्रीगंगानगर में दिनभर गर्मी और उमस के बाद मौसम बदला और कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हुई और ओले भी गिरे। जयपुर में गणगौरी हॉस्पिटल के बाहर कार पर पेड़ गिर गया। इस दौरान कार में बैठे लोग बाल-बाल बच गए। पूरी खबर पढ़ें
7. प्री-वेडिंग फोटोशूट के दौरान मंगेतर के सामने डूबा युवक राजसमंद के पर्यटन स्थल गौरीधाम में प्री-वेडिंग फोटोशूट के दौरान मंगेतर के सामने गहरे कुंड में युवक डूब गया। पुलिस, सिविल डिफेंस और उदयपुर से आई SDRF की टीम ने करीब 20 घंटे के संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक का शव कुंड से बाहर निकाला। पूरी खबर पढ़ें
8. सांड ने बुजुर्ग को सींगों से उठाकर पटका, मौत जालोर जिले के चितलवाना में सांड ने बुजुर्ग को सींगों से उठाकर पटक दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग पैदल घर जा रहे थे। इस दौरान पीछे से आए सांड ने सींगों से उठाकर 8 फीट तक हवा में उछाल दिया। जमीन पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें
खबर जो हटकर है 9. तबेले में छुपाई डेढ़ करोड़ की हेरोइन श्रीगंगानगर में एक युवक ने तबेले में गड्ढा खोदकर हेरोइन छुपा रखी थी। पुलिस, BSF और CID की टीम ने तबेले में 2 फीट गहरा गड्ढा खोदकर ढाई लाख कैश और आईफोन-16 समेत 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वहीं दूसरे गड्ढे में डेढ़ करोड़ कीमत की हेरोइन मिली। पूरी खबर पढ़ें
कल क्या होगा खास 10. ग्रामीण-शहरी सेवा शिविर महाअभियान की शुरुआत राज्य सरकार द्वारा 12 जून से 15 जुलाई तक प्रदेशभर में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर लगाए जाएंगे, जिसे लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
