राजस्थान में सफाई कर्मचारियों की भर्ती, 15 अगस्त से शुरू होंगे 24,752 पदों के लिए आवेदन

इंडिया प्राइम जयपुर राजस्थान सरकार ने प्रदेश के नगरीय निकायों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 24,752 संविदा सफाई कर्मचारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है। स्वायत्त शासन विभाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार इस भर्ती के लिए 15 अगस्त 2026 से 28 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
सरकार का कहना है कि इस भर्ती से शहरी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और नगरीय निकायों की कार्यक्षमता में सुधार होगा। साथ ही पात्र अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर भी मिलेगा। भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन, निकायवार रिक्त पदों का विवरण और आवेदन प्रक्रिया विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।
भर्ती राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स, 2022 के तहत की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थी का राजस्थान का मूल निवासी होना आवश्यक है। सफाई कर्मचारी पद के लिए किसी प्रकार की शैक्षणिक योग्यता निर्धारित नहीं की गई है। अभ्यर्थी की आयु 1 जनवरी 2027 को न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए राज्य के किसी भी नगरीय निकाय में कम से कम एक वर्ष का सफाई कार्य का अनुभव अनिवार्य रखा गया है। यह अनुभव लगातार या अलग-अलग अवधियों को मिलाकर एक वर्ष का हो सकता है। अनुभव प्रमाण-पत्र निर्धारित प्रारूप में संबंधित नगरीय निकाय या अधिकृत संस्था द्वारा जारी होना चाहिए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रमाण-पत्र 1 अगस्त 2026 के बाद और आवेदन की अंतिम तिथि से पहले जारी किया गया होना चाहिए।
भर्ती प्रक्रिया में प्रत्येक अभ्यर्थी केवल एक ही नगरीय निकाय के लिए आवेदन कर सकेगा। यदि कोई उम्मीदवार एक से अधिक निकायों में आवेदन करता है तो उसके सभी आवेदन स्वतः निरस्त कर दिए जाएंगे।
चयन प्रक्रिया सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा विकसित ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से लॉटरी प्रणाली से पूरी की जाएगी। सबसे पहले संबंधित नगरीय निकाय में अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिलेगी। यदि पद रिक्त रह जाते हैं तो जिले के अन्य निकायों और उसके बाद प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों में अनुभव रखने वाले पात्र उम्मीदवारों को शामिल किया जाएगा।
सरकार ने चयनित संविदा कर्मचारियों के लिए भविष्य में नियमित नियुक्ति का भी प्रावधान रखा है। नियमों के अनुसार संतोषजनक सेवा अवधि पूरी करने और कार्य निष्पादन के मूल्यांकन में सफल रहने वाले कर्मचारियों को नियमानुसार नियमित किया जा सकेगा।
स्वायत्त शासन विभाग ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि आवेदन करने से पहले अपने जनाधार, अनुभव प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की वैधता सुनिश्चित कर लें, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।






