बारिश से मिली राहत खत्म, आज से फिर बढ़ेगा गर्मी का असर – Jagran
कानपुर में शनिवार की बारिश से मिली राहत अब खत्म हो गई है, और उमस भरी गर्मी फिर से बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान 38-39 डि …और पढ़ें
शनिवार की बारिश से तापमान में 5.2 डिग्री की गिरावट आई।
आज कानपुर में तापमान 38-39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
कमजोर मानसूनी सिस्टम के कारण उमस भरी गर्मी बढ़ेगी।
जागरण संवाददाता, कानपुर। शनिवार को आई तेज आंधी और 36.4 मिमी वर्षा से शहरवासियों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी सिस्टम कमजोर पड़ने के साथ ही रविवार से धूप तेज हो गई है और उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है।
आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। बारिश के बाद अधिकतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस गिरकर 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार सुबह से तेज धूप निकलने के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई, जिससे लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले तीन दिनों से हरियाणा, पाकिस्तान और बांग्लादेश के आसपास सक्रिय मौसम प्रणालियों तथा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश हुई। 14 जून के बाद यह सिस्टम कमजोर पड़ गया है, जिससे वर्षा की गतिविधियां कम होंगी और तापमान में तेजी से बढ़ोतरी शुरू होगी।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि सोमवार को बारिश की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि वास्तविक तापमान से अधिक उमस महसूस होगी और दोपहर में गर्मी 43 डिग्री जैसी महसूस हो सकती है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को पराबैंगनी किरणें (यूवी) इंडेक्स 10 के स्तर पर रहने की संभावना है, जो बेहद गंभीर श्रेणी में आता है। ऐसे में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचना चाहिए। फिलहाल लू चलने की संभावना कम है, लेकिन तेज धूप और बढ़ी हुई नमी के कारण लोगों को उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। बारिश और तापमान में गिरावट के बावजूद उमस लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण लोगों को एक ही दिन में गर्मी, बारिश और उमस तीनों का सामना करना पड़ रहा है।
