विदेशी ने बुजुर्ग महिला की ऐसे मदद की, लोग बोले- दुनिया अभी भी खूबसूरत है – AajTak
Feedback
दिल्ली के व्यस्त कनॉट प्लेस में रोज की तरह भीड़ थी. लोग अपनी-अपनी मंजिल की ओर भाग रहे थे. इसी भीड़ के बीच एक बुजुर्ग महिला हाथ में पेन लेकर उन्हें बेचने की कोशिश कर रही थीं. गर्मी थी, थकान थी, लेकिन उनके चेहरे की मुस्कान बरकरार थी.
इसी दौरान वहां से गुजर रहे अमेरिकी कंटेंट क्रिएटर स्टीव यालो की नजर उन पर पड़ी. इसके बाद जो हुआ, उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
एक पेन खरीदने पहुंचे, लेकिन कर गए दिल जीतने वाला काम
वीडियो में स्टीव बुजुर्ग महिला के पास जाते हैं और उनकी मुस्कुराहट की तारीफ करते हुए पेन खरीदने की बात कहते हैं.महिला बताती हैं कि एक पेन की कीमत 50 रुपये है.स्टीव पहले 100 रुपये देकर दो पेन खरीद लेते हैं. लेकिन जब उन्हें महिला की सादगी और मुस्कान पसंद आती है, तो वे दो और पेन खरीदने के लिए 100 रुपये और दे देते हैं.इसके बाद उन्होंने पूछा कि उनके पास कुल कितने पेन बचे हैं. महिला ने बताया कि पूरे स्टॉक की कीमत करीब 900 रुपये है.
जेब में जितने पैसे थे, सब दे दिए
स्टीव के पास उस समय केवल 550 रुपये बचे थे.उन्होंने बिना एक पल सोचे अपनी जेब में रखे सभी पैसे बुजुर्ग महिला को दे दिए. खास बात यह रही कि उन्होंने सारे पेन अपने साथ नहीं लिए. सिर्फ दो पेन रखे और बाकी महिला के पास ही छोड़ दिए, ताकि वे उन्हें आगे भी बेच सकें.जाते-जाते उन्होंने मुस्कुराकर कहा-उम्मीद है कि आप बाकी सारे पेन भी बेच लेंगी.
महिला यह देखकर भावुक हो गईं और हिंदी में उन्हें दुआएं देने लगीं.
देखें वीडियो
A post shared by Steve Yalo (@steveyalo)
सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ
स्टीव यालो ने यह वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया.एक यूजर ने लिखा कि उसने सिर्फ पैसे नहीं दिए, बल्कि उस महिला की मेहनत का सम्मान किया.दूसरे ने लिखा कि ऐसी छोटी-छोटी अच्छाइयां ही दुनिया को खूबसूरत बनाती हैं.एक अन्य यूजर ने कमेंट किया कि यह चैरिटी नहीं, बल्कि गरिमा के साथ की गई मदद है. वहीं किसी यूजर ने कहा ऐसे लोगों की वजह से दुनिया अभी भी खूबसूरत है.
क्यों लोगों का दिल जीत रहा है यह वीडियो?
आज के दौर में जहां लोग अक्सर जरूरतमंदों को नजरअंदाज कर आगे बढ़ जाते हैं, वहीं स्टीव ने बुजुर्ग महिला के साथ कुछ मिनट बिताए, उनसे बातचीत की और उनकी मेहनत की कीमत समझी.यही वजह है कि यह वीडियो सिर्फ पैसे देने की कहानी नहीं, बल्कि सम्मान, संवेदनशीलता और इंसानियत की मिसाल बन गया है.
स्टीव यालो दुनिया के अलग-अलग देशों की यात्रा कर लोगों की सच्ची और प्रेरणादायक कहानियां साझा करने के लिए जाने जाते हैं. उनका यह वीडियो भी हजारों लोगों को यह याद दिला रहा है कि किसी की मदद करने के लिए करोड़पति होना जरूरी नहीं, बल्कि बड़ा दिल होना जरूरी है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू
