यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें: अखिलेश बोले- राम मंदिर में डकैती पड़ रही, जज की कुर्सी पर बैठी महिला, सिपाही ने … – Dainik Bhaskar
नमस्कार,
आज की सबसे बड़ी खबर कॉकरोच पार्टी के चीफ अभिजीत दीपके के लखनऊ पहुंचने को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर राम मंदिर में चोरी पर बयानबाजी से जुड़ी है। चलिए, सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा…
पहले टॉप 5 खबरें…
1. कॉकरोच पार्टी चीफ बोले- आंदोलन करना देशभक्ति, पेपर लीक के जिम्मेदार इस्तीफा दें
कॉकरोच जनता पार्टी के चीफ अभिजीत दीपके शुक्रवार को छात्रों के प्रदर्शन में शामिल होने लखनऊ पहुंचे। इको गार्डन में वनडे एग्जाम की तैयारी कर रहे करीब 6 हजार अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने करीब 40 मिनट तक यहां भाषण दिया। 20 जून को छात्रों से दिल्ली आने की अपील की। दीपके ने कहा- हमारा देश आंदोलन से बना था। तभी हमें आजादी मिली थी। पूरी खबर पढ़ें…
2. राम मंदिर में चोरी के दावे पर सियासत, अखिलेश यादव बोले- चढ़ावे पर डकैती पड़ी
अयोध्या राम मंदिर में आए चढ़ावे में 7 करोड़ रुपए की चोरी के दावे को लेकर सियासत तेज हो गई है। BJP नेता डॉ. रजनीश सिंह ने आज पीएम मोदी को लेटर लिखकर ट्रस्ट के खर्च का लेखा-जोखा सार्वजनिक करने और सीबीआई जांच की मांग की। वहीं अखिलेश यादव ने कहा- राम मंदिर के चढ़ावे पर डकैती पड़ रही। इसका विरोध किया तो सरकार एनकाउंटर करा देगी। पूरी खबर पढ़ें…
3. अखिलेश की बेटी पर पोस्ट मामले में 4 पर FIR, राजभर बोले- अखिलेश अपनी गिरेबान में झांके
अखिलेश यादव की बड़ी बेटी अदिति यादव (23) को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में गुरुवार को कानपुर-प्रतापगढ़ में FIR दर्ज हुई। ओम प्रकाश राजभर ने गुरुवार को X पर लिखा-अदिति मेरी भी बेटी है। जिसने भी ऐसी हरकत की, वह शर्मनाक है। लेकिन अखिलेश अपनी गिरेबान में झांके। मेरे और मेरे परिजनों के बारे में क्या-क्या लिखवाते रहते हैं। पूरी खबर पढ़ें…
4. स्कूल में 10वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या, चंदौली में क्लासमेट ने सीने पर वार किए
चंदौली में 10वीं के छात्र की शुक्रवार सुबह स्कूल में हत्या कर दी गई। वारदात को क्लासमेट ने अंजाम दिया। आरोपी छात्र कमर में चाकू छिपाकर क्लास पहुंचा। वहां उसने सीने पर चाकू से वार किए। अचानक हुए हमले में लवकुश यादव (17) संभल नहीं पाया। खून से लथपथ होकर वह वहीं गिर गया। घायल छात्र को जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पूरी खबर पढ़ें…
5. यूपी पंचायत चुनाव मतदाता सूची से स्मृति ईरानी का नाम गायब!, डीएम बोले- जांच कराएंगे
यूपी पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट से केंद्रीय मंत्री और पूर्व बीजेपी सांसद स्मृति ईरानी का नाम गायब है। चुनाव आयोग ने बुधवार को इसकी फाइनल लिस्ट जारी की थी। वहीं इस मामले को लेकर डीएम ने जांच की बात कही। स्मृति ईरानी 2024 के लोकसभा चुनाव में अमेठी के मेदन मवई गांव स्थित बूथ पर मतदान भी कर चुकी हैं। पूरी खबर पढ़ें…
अब 8 अहम खबरें…
6. वाराणसी में जिला जज की कुर्सी पर बैठी महिला, हंगामा, बोली- आज मैं सुनवाई करूंगी
वाराणसी में शुक्रवार सुबह जिला जज की कुर्सी पर एक महिला बैठ गई। कुर्सी पर बैठते ही हैमर पटकते हुए चिल्लाई- ऑर्डर-ऑर्डर। वकीलों से कहा- आज मैं जिला जज हूं। गवाह और सबूत पेश करिए। आज सारे मामले की सुनवाई मैं करूंगी। इसके बाद फाइलें उठाकर पलटना शुरू कर दिया। यह देख वकील चौंक गए। पुलिस ने महिला को खींचकर कुर्सी से उतारा। पूरी खबर पढ़ें…
7. 5 साल का बेटा पूछ रहा- पापा कब आएंगे, देवरिया के युवक की अमेरिकी हमले में मौत हुई थी
देवरिया के शिवानंद चौरसिया की होर्मुज स्ट्रेट के पास अमेरिकी हमले में बुधवार को मौत हो गई थी। उनका 5 साल का बेटा बार बार पूछ रहा है कि पापा कब आएंगे। वहीं पिता रामजी चौरसिया का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने दैनिक भास्कर को बताया कि बेटे की मर्चेंट नेवी में 9 महीने पहले जॉब लगी थी। 6 लाख रुपये कर्ज लेकर उसका समुद्री पासपोर्ट बनवाया था। पूरी खबर पढ़ें…
8. यूपी में आंधी-बारिश, सड़कें डूबीं, अस्पताल में पानी भरा, पेड़-पोल उखड़े, 15 शहरों में बरसात
यूपी में प्री-मानसून एक्टिव हो गया है। शुक्रवार तड़के बाराबंकी, लखीमपुर-खीरी, फर्रुखाबाद, एटा, बिजनौर और बागपत में झमाझम बारिश हुई। लखनऊ में बादल छाए रहे। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई है। वहीं, गुरुवार देर रात से आगरा, मथुरा, सहारनपुर, हापुड़, शामली और हाथरस में रुक-रुक कर जोरदार बारिश हुई। सहारनपुर में सड़कें डूब गईं। पूरी खबर पढ़ें…
9. लखनऊ में इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, टॉयलेट में लिखी मिली बम से उड़ाने की धमकी
लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो फ्लाइट की चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट, लखनऊ पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई। फ्लाइट हवा में ही थी, तभी टॉयलेट में एक टिशू पेपर मिला, जिस पर बम लिखा था। इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी। इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। ATC ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया, फिर लैंडिंग की अनुमति दी। पूरी खबर पढ़ें…
10. योगी बोले- यूपी टूटी सड़कों-अपराध के लिए जाना जाता था, अयोध्या को अपमानित किया गया
योगी ने नोएडा में कहा कि पहले यूपी टूटी सड़क और अपराध के लिए जाना जाता था। 2017 के पहले और बाद के उत्तर प्रदेश में आपको फर्क नजर आ रहा है। प्रदेश में अराजकता पूर्ण वातावरण था। लोगों की सुरक्षा की चिंता करने वाला कोई नहीं था। प्रदेश के लोगों के सामने पहचान का संकट था। आज देश के अंदर सबसे अच्छा रोड कनेक्टिविटी उत्तर प्रदेश के पास है। पूरी खबर पढ़ें…
11. काशी में नर्सिंग छात्रा की रेप से हुई थी मौत, पुलिस का दावा- प्राइवेट पार्ट में इंजरी से ब्लीडिंग हुई
वाराणसी में 19 साल की नर्सिंग छात्रा की मौत अबॉर्शन पिल्स खाने से नहीं, क्रूरता के साथ रेप करने से हुई थी। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए ADCP लिपि नागायच ने ने बताया, आरोपी ने छात्रा के साथ ब्रूटल मतलब बर्बर तरीके से रेप किया था। इससे छात्रा के प्राइवेट पार्ट में इंजरी थी। इस कारण से उसे बहुत ज्यादा ब्लीडिंग हुई और मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें…
12. बुलंदशहर में कैंटीन संचालक ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दी, साथी बोला- सिपाही ने थप्पड़ मारा
बुलंदशहर में कैंटीन संचालक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। साथी वेंडर का आरोप है कि पानी की बोतल न देने पर जीआरपी सिपाही ने थप्पड़ जड़ा था। इससे आहत कैंटीन संचालक ट्रेन के आगे खड़ा हो गया। आरोपी सिपाही सुनील ने ट्रैक पर छलांग लगाकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन कैंटीन संचालक ने उसे धक्का दे दिया। तभी गोरखधाम एक्सप्रेस आ गई। पूरी खबर पढ़ें…
13. कानपुर के घर में 3 दिन तक सड़ती रही पिता की लाश, बेटा परिवार के साथ ऊपर सोता रहा
कानपुर में एक बंद कमरे में गन फैक्ट्री से रिटायर 92 साल के कर्मचारी का सड़ा-गला शव मिला। घर में करीब 3 दिन से लाश पड़ी रही और पूरा परिवार चैन से सोता रहा। लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं हुई। बदबू आने पर परिजनों और पड़ोसियों को जानकारी हुई है। बुजुर्ग के परिवार वाले उनकी गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद पूरे शहर में तलाश रहे थे। पूरी खबर पढ़ें…
खबर जो हटकर है…
14. ’12-13 गाड़ियों से केवल घूमने निकलता हूं’, गैंगस्टर बोला- गर्लफ्रेंड का बर्थडे होता, तो पुलिस गाड़ियां न गिन पाती
कानपुर में फरार गैंगस्टर अजय ठाकुर ने पोडकास्ट में कहा ‘अभी ठाकुरों के बारे में पता नहीं है। किसी के हाथ नहीं आएगा ये लड़का। ऐसे ही 12-13 गाड़ियों में केवल घूमने निकलता हूं। गर्लफ्रेंड का बर्थडे नहीं था। अगर उसका बर्थडे होता, तो शासन-प्रशासन मेरे काफिले की गाड़ियां नहीं गिन पाता।’ पूरी खबर पढ़ें…
कल क्या रहेगा खास…
15. अखिलेश आगरा दौरे पर रहेंगे
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार-रविवार को दो दिन के लिए आगरा आ रहे हैं। वे 13 जून की शाम को सपा सांसद रामजीलाल सुमन के यहां पहुंचेंगे। करणी सेना ने राज्यसभा सांसद सुमन के इसी घर पर हमला बोला था। दरअसल, रामजी लाल ने राणा सांगा को लेकर विवादित बयान दिया था।
कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
