'बिरयानी सिर्फ डिनर है, कंसेंट नहीं'… Zomato ने कहा 370 वाला नोटिफेकेशन हमारा नहीं – AajTak
Feedback
सोशल मीडिया पर एक कथित जोमैटो नोटिफिकेशन का स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा था, जिसमें लिखा था- “बिरयानी भेज दूं? बस 370 रुपये की है.” यह स्क्रीनशॉट ऐसे समय सामने आया, जब ‘₹370 बिरयानी’ विवाद को लेकर इंटरनेट पर मीम्स, पैरोडी पोस्ट और प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं.
जोमैटो ने क्या कहा?
कंपनी ने लिंक्डइन पर एक पोस्ट शेयर करते हुए इस वायरल स्क्रीनशॉट से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया. जोमैटो ने एक काले बैकग्राउंड वाली तस्वीर शेयर की, जिस पर लिखा था:
“बिरयानी सिर्फ डिनर है, सहमति नहीं.”
इसके साथ कंपनी ने कहा, “हमारे नाम के साथ जो आपत्तिजनक नोटिफिकेशन वाला स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है, वह फर्जी है. हमने न तो उसे लिखा है और न ही भेजा है.”
ये वायरल स्क्रीनशॉट है, जिसको जोमैटो ने फर्जी बताया
जोमैटो ने लिंक्डइन पर ये पोस्ट शेयर की
कैसे शुरू हुआ था ‘₹370 बिरयानी’ विवाद?
यह विवाद कॉमेडियन प्रनीत मोरे के एक स्टैंड-अप शो के वायरल क्लिप से शुरू हुआ था. वीडियो में एक दर्शक ने डेट पर हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा था कि उसने लड़की के लिए 370 रुपये की चिकन बिरयानी खरीदी थी और बदले में कुछ उम्मीद रखी थी.
यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और लोगों ने इसे रिश्तों और सहमति को लेन-देन की तरह देखने वाली सोच से जोड़कर आलोचना की.
विवाद बढ़ता ही गया
वीडियो वायरल होने के बाद मामला केवल कॉमेडी शो तक सीमित नहीं रहा. विवाद के केंद्र में रहे युवक की नौकरी चली गई, जबकि कॉमेडियन प्रनीत मोरे को भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा. बाद में उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी.
बीते कुछ दिनों में यह चर्चा डेटिंग संस्कृति, सहमति, अधिकारबोध और कंटेंट क्रिएटर्स की जिम्मेदारी जैसे बड़े मुद्दों तक पहुंच गई है. कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, कलाकारों और यूजर्स ने इस पर अपनी राय दी है.
‘बिरयानी सिर्फ डिनर है, सहमति नहीं’ क्यों हो रहा वायरल?
सोशल मीडिया पर अब “बिरयानी सिर्फ डिनर है, सहमति नहीं” वाक्यांश भी काफी चर्चा में है. कई लोग इसका इस्तेमाल यह बताने के लिए कर रहे हैं कि किसी डेट पर खर्च किया गया पैसा किसी भी तरह की नजदीकी या रिश्ते की गारंटी नहीं देता.इसी वजह से जोमैटो की सफाई भी इस बहस का हिस्सा बन गई और कंपनी ने ये साफ किया कि उसके नाम से वायरल हो रहा नोटिफिकेशन वास्तविक नहीं है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू
