Latest News

भास्कर अपडेट्स: जम्मू-कश्मीर में महिला पर PSA के तहत कार्रवाई, बारामूला से हिरासत में ली गई – Dainik Bhaskar

जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में पुलिस ने राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में एक महिला को पब्लिक सेफ्टी एक्ट (PSA) के तहत हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, बारामूला के शीरी क्षेत्र की रहने वाली हसीना बेगम के खिलाफ कई जिलों में केस दर्ज हैं। हसीना को अभी भद्रवाह जिला जेल भेजा गया है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
खाने के तेल के पैक साइज तय, कीमत तुलना करना होगा आसान
केंद्र सरकार ने उपभोक्ताओं को अलग-अलग ब्रांड के तेल की कीमत समझने में आसानी के लिए खाने के तेल के 9 मानक पैक साइज तय कर दिए हैं। अब कंपनियां 200 एमएल से 20 लीटर तक के तय पैक में ही तेल बेच सकेंगी। उपभोक्ता मामलों के विभाग ने 200 एमएल, 500 एमएल, 1, 2, 3, 4, 5, 15 और 20 लीटर के पैक निर्धारित किए हैं।
यह नियम सरसों, सोयाबीन, सूरजमुखी, पाम, मूंगफली, तिल, राइस ब्रान और कॉर्न ऑयल समेत मिश्रित खाद्य तेलों पर लागू होगा। कंपनियों और आयातकों को नए नियम लागू करने के लिए 3 महीने का समय दिया गया है। सरकार का कहना है कि इससे उपभोक्ताओं को कीमतों की तुलना करने में आसानी होगी और बाजार में भ्रम कम होगा।
गुजरात में मर्डर की जांच में खुला नकली नोटों का रैकेट, ₹28.94 लाख के जाली नोट बरामद; 5 गिरफ्तार
गुजरात के अहमदाबाद में मर्डर की जांच के दौरान पुलिस ने नकली नोट रैकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने 28.94 लाख रुपए की वैल्यू वाले जाली नोट, लैपटॉप और प्रिंटर बरामद किए हैं। मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह का सरगना इमरान सिंधा अपने साथियों के साथ फ्लैट में नकली नोट छापता था। उसके दुर्व्यवहार से परेशान साथियों ने उसकी पिटाई कर उसे बांध दिया और जाली नोट व मशीनें लेकर फरार हो गए।
बाद में उसकी मौत हो गई। जांच में पता चला कि गिरोह ने करीब 60 लाख रुपए के नकली नोट छापे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बाकी जाली नोट कहां और कैसे खपाए गए।
तेलंगाना के विकाराबाद में घर की छत गिरी, एक की मौत, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका
तेलंगाना में विकाराबाद के मारपल्ली में एक घर की छत गिरने से एक की मौत हो गई और कई लोग घायल हैं। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू टीम लोगों को निकालने का काम कर रही है।
केरलम के वायनाड में स्कूल में 150 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, 38 अस्पताल में एडमिट
केरलम के वायनाड जिले के कोइलाडी स्थित मार बेसेलियोस एडेड अपर प्राइमरी स्कूल के करीब 150 छात्र पिछले तीन दिनों से बुखार और उल्टी की शिकायत के बाद इलाज करा रहे हैं। इनमें 38 बच्चों को बाथेरी तालुक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एहतियात के तौर पर स्कूल में एक सप्ताह की छुट्टी घोषित की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए नमूने भेजे हैं। बीमारी की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
CBSE ने COEMPT को कॉपियां स्कैन करने के काम पर बनाए रखा, सारा डेटा अपने सर्वर पर शिफ्ट किया
CBSE ने री-इवैल्यूएशन की प्रक्रिया के लिए COEMPT कंपनी को कॉपियां स्कैन करने के काम पर बनाए रखा है। हालांकि, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ‘ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ (OSM) सिस्टम से जुड़ा सारा डेटा और रिकॉर्ड्स वेंडर (कंपनी) के सर्वर से हटाकर अपने खुद के (CBSE-कंट्रोल) सर्वर पर शिफ्ट कर दिया है।
जब मामले से जुड़े अधिकारियों से कंपनी के पिछले रिकॉर्ड को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि कंपनी ने 40 करोड़ पेज स्कैन किए हैं, जिनमें से सिर्फ 30,000 पेजों में दिक्कत आई थी।
NIA ने भांगड़ बम ब्लास्ट केस में आरोपी पूर्व TMC विधायक सौकत मोल्ला को गिरफ्तार किया
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पश्चिम बंगाल के भांगड़ बम ब्लास्ट केस में आरोपी पूर्व TMC विधायक सौकत मोल्ला को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। NIA के अनुसार मोल्ला इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता है। यह धमाका 19 मार्च को देसी बम बनाते समय हुआ था। हादसे में बम बनाने वाले की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे।
जांच में NIA को पता चला कि मोल्ला ने अन्य आरोपियों को बम बनाने का निर्देश दिया था। एजेंसी का यह भी दावा है कि धमाके के बाद उन्होंने घटनास्थल से सबूतों से छेड़छाड़ करने के लिए भी कहा था। मामले में यह चौथी गिरफ्तारी है। इससे पहले NIA ने एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया था।
NEET पेपर लीक मामले के आरोपी शुभम खैरनार की न्यायिक हिरासत 15 जून तक बढ़ी
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने NEET पेपर लीक मामले के आरोपी शुभम खैरनार की न्यायिक हिरासत 15 जून तक बढ़ा दी है। शनिवार को पिछली न्यायिक हिरासत की अवधि खत्म होने के बाद शुभम खैरनार को अदालत में पेश किया गया था। वहीं, इसी मामले में गिरफ्तार आरोपी मनीषा वाघमारे की जमानत याचिका पर अदालत ने फैसला 9 जून तक सुरक्षित रख लिया है।
CBI ने मनीषा वाघमारे की जमानत का विरोध करते हुए उन्हें साजिश में शामिल बताया है। एजेंसी का आरोप है कि उन्होंने लीक हुआ प्रश्नपत्र हासिल किया और उसे आगे पहुंचाने में भूमिका निभाई। NEET परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी, लेकिन पेपर लीक के बाद 12 मई को इसे रद्द कर दिया गया था। अब दोबारा परीक्षा 21 जून को कराई जाएगी।
दिल्ली होटल आग मामले केस में कुक गिरफ्तार, 21 लोगों की जान गई थी
दिल्ली पुलिस ने मालवीय नगर स्थित फ्लरिश स्टे होटल में आग लगने के मामले में शनिवार को होटल के कुक केशव नेगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में कुक की लापरवाही को आग लगने की एक वजह माना जा रहा है। पुलिस ने होटल से जुड़े कई अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
फ्लरिश स्टे होटल में 3 जून की सुबह करीब 8:30 बजे आग लगी थी। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 28 लोग घायल हुए थे। मृतकों में 11 विदेशी और 10 भारतीय नागरिक शामिल थे। विदेशियों में 9 अफ्रीकी देशों के नागरिक थे। हादसे के मुख्य आरोपी और होटल मालिक लवकेश बजाज को गुरुवार को अदालत ने 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था।
कर्नाटक में रामलिंगा रेड्डी के इस्तीफे का विवाद सुलझा, CM शिवकुमार बोले- सब ठीक हो गया
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने शनिवार को कहा कि मंत्री रामलिंगा रेड्डी के इस्तीफे से जुड़ा विवाद सुलझा लिया गया है। दरअसल, रामलिंगा रेड्डी ने शुक्रवार को इस्तीफे दिया था। उन्होंने कहा कि वो मनपसंद विभाग न मिलने से नाराज हैं।
रेड्डी का कहना है कि उनसे बेंगलुरु विकास विभाग का वादा किया गया था, लेकिन उन्हें उसकी जगह बड़ा और मध्यम सिंचाई परियोजना मंत्रालय दे दिया गया, इसी वजह से उन्होंने इस्तीफा दे दिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने शुक्रवार देर रात रामलिंगा रेड्डी से करीब ढाई घंटे तक मुलाकात की। बैठक के बाद उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार एकजुट होकर आगे बढ़ेगी। वहीं, इस्तीफा वापस लेने के सवाल पर रेड्डी ने कहा, मुख्यमंत्री ने जो कहा है, मैं भी वही कह रहा हूं। सब कुछ सुलझ गया है।
कर्नाटक में जंगली हाथी के हमले में IPS अफसर की पत्नी की मौत, कॉफी बागान देखने गई थीं
कर्नाटक के कोडागु जिले में जंगली हाथी के हमले में IPS अफसर सुनील आचार्य की पत्नी संध्या आचार्य की मौत हो गई। वह तितीमति क्षेत्र के कोनानाकट्टे गांव में स्थित एक कॉफी बागान का निरीक्षण करने गई थीं, तभी हाथी ने उन पर हमला कर दिया। बाद में उनकी मौत हो गई।
संध्या के पति सुनील आचार्य दिल्ली में पुलिस महानिदेशक (DGP) के पद पर हैं। घटना पर मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने दुख जताया है और अधिकारियों को हाथियों के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
बंगाल के भांगर ब्लास्ट मामले में पूर्व TMC विधायक सौकत मोल्ला गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पश्चिम बंगाल के भांगर बम ब्लास्ट मामले में पूर्व TMC विधायक सौकत मोल्ला को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया। एजेंसी ने उन्हें मामले का मुख्य आरोपी बताया है। गिरफ्तारी के साथ इस मामले में पकड़े गए लोगों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
19 मार्च को दक्षिण 24 परगना जिले के दक्षिण बामुनिया गांव में बम बनाते समय हुए धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। मामले की जांच कर रही NIA ने हाल ही में मोल्ला के घर समेत कई ठिकानों पर छापेमारी भी की थी।
मोल्ला को पूछताछ के लिए NIA ऑफिस ले जाया गया है और उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं उनके परिवार का दावा है कि उन्होंने एजेंसी के सामने आत्मसमर्पण किया था। मामले की जांच जारी है।
कर्नाटक में 2 युवक गिरफ्तार, पाकिस्तानी व्यक्ति के संपर्क में थे; देशविरोधी साजिश रचने का आरोप
कर्नाटक के तुमकुरु में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिन पर पाकिस्तान स्थित एक व्यक्ति के संपर्क में रहकर देशविरोधी गतिविधियों की साजिश रचने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अल्ला बख्श और जमीर खान के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक इंस्टाग्राम चैट की जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि दोनों आरोपी भारत में अशांति फैलाने और युवकों को संगठित करने की कोशिश कर रहे थे। शुरुआती जांच में हत्या और विस्फोट जैसी साजिशों के संकेत भी मिले हैं।
हालांकि इनकी पुष्टि अभी जांच के बाद ही होगी। खुफिया ब्यूरो और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source

IndiaPrime Hindi

Devender Singh is a senior journalist and media professional with over two decades of experience in television, digital, and Hindi-language journalism. He began his career with ETV Hindi in 2000 and has since served as Bureau Chief for several prominent news networks, including India News, Sahara Samay, and Bharat Express. Throughout his career, he has reported on several high-impact stories, including tribal starvation deaths, the Asaram case, the Jaipur serial bomb blasts, and numerous crime, political, and social issues that earned him recognition as a credible and influential journalist across India. Beyond television journalism, Devender Singh has contributed significantly to digital media transformation, Hindi journalism innovation, and AI-driven Hindi language initiatives. He has also served as a media and communication advisor to several prominent individuals, organizations, and institutions. Holding a postgraduate degree in Journalism along with a degree in Law, he continues to write and analyze issues related to governance, public policy, technology, politics, and social development, delivering insightful and fact-based content to readers.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *