एटा में नहर में डूबा व्यक्ति: दूस्ते के साथ नहाने गया था, पीएसी और गोताखोरों की मदद से तलाश जारी – Dainik Bhaskar
एटा के मलावन थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति नहर में डूब गया। 45 वर्षीय धर्मवीर बुधवार शाम बेवर ब्रांच नहर में नहाने उतरा था और गहरे पानी में समा गया। घटना के दूसरे दिन गुरुवार को भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार, मलावन थाना क्षेत्र के गांव हाड़ई निवासी धर्मवीर पुत्र भागीरथ बुधवार शाम अपने चचेरे भाई गुरुवेश कुमार के साथ नहर पर गए थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने शराब का सेवन किया था। इसी दौरान धर्मवीर नहाने के लिए नहर में उतरा और गहरे पानी में पहुंचने से डूबने लगा।
धर्मवीर को डूबता देख गुरुवेश कुमार ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि, तब तक धर्मवीर पानी में लापता हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही सैंथरी चौकी प्रभारी निश्चल सोलंकी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई गई।
बुधवार को अंधेरा होने तक नहर में काफी खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। गुरुवार सुबह 43वीं वाहिनी पीएसी के जवान स्टीमर के साथ मौके पर पहुंचे और सर्च अभियान दोबारा शुरू किया गया। पुलिस और पीएसी की टीमें लगातार नहर में व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई हैं।
इस मामले पर थाना प्रभारी मलावन आर.के. सिंह ने बताया कि दो दोस्त नहाने गए थे। दूसरे व्यक्ति ने धर्मवीर के डूबने की सूचना दी। पुलिस स्थानीय गोताखोरों के माध्यम से तलाशी अभियान चला रही है और पीएसी के गोताखोरों को भी बुलाया गया है। तलाश जारी है।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजन और ग्रामीण धर्मवीर के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
