साइकिल से तय किया सफलता का सफर, फतेहपुर की स्वीटी ने चार सरकारी नौकरियों में लहराया परचम – Dainik Bhaskar
फतेहपुर|कहते हैं कि अगर इरादे मजबूत हों तो मंजिल खुद रास्ता बना लेती है। फतेहपुर प्रखंड के हेमतपुर गांव की बेटी स्वीटी कुमारी ने इस कहावत को सच साबित कर दिखाया है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उसने अपने अथक परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर एक के बाद एक चार सरकारी नौकरियों में सफलता हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। हेमतपुर गांव निवासी सुरेश कुमार की पुत्री स्वीटी ने सफलता की शुरुआत होमगार्ड में चयन से की। इसके बाद बिहार पुलिस चालक (ड्राइवर) भर्ती में सफलता प्राप्त की। वहीं सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की शारीरिक दक्षता परीक्षा भी उत्तीर्ण की। अब बिहार पुलिस में चयनित होकर उसने अपने सपनों को नई उड़ान दी है। स्वीटी की सफलता के पीछे वर्षों का संघर्ष छिपा है। वह प्रतिदिन अपने गांव हेमतपुर से लगभग 10 किलोमीटर साइकिल चलाकर फतेहपुर स्थित अचीवर प्वाइंट कोचिंग संस्थान में तैयारी करने पहुंचती थी। आर्थिक और संसाधन संबंधी चुनौतियों के बावजूद उसने कभी हार नहीं मानी और लगातार अपने लक्ष्य की ओर बढ़ती रही। उसकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बुधवार को अचीवर प्वाइंट फतेहपुर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। संस्थान की ओर से स्वीटी कुमारी एवं उनकी मां को सम्मानित कर उनके संघर्ष और सफलता को नमन किया गया।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
