प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक अग्रणी राष्ट्र बन रहा है: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक अग्रणी राष्ट्र बन रहा है: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

इंडिया प्राइम जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य हनुमान कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वामी गोविन्द देव गिरी जी महाराज जैसे संतों के सान्निध्य में होने वाले धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मकता, नैतिक मूल्यों और उच्च संस्कारों का प्रसार करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अमृतकाल के दौर में तेजी से वैश्विक अग्रणी राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के सांस्कृतिक भारत के स्वप्न को आज नई पहचान मिल रही है और भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा का गौरव पूरी दुनिया में स्थापित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक तथा बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम का पुनर्विकास नए भारत की सांस्कृतिक चेतना और विरासत संरक्षण के प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री ने 22 जनवरी को प्रभु श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि लंबे इंतजार के बाद पूरा विश्व इस गौरवपूर्ण क्षण का साक्षी बना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि खाटूश्याम जी, गिरराज जी तथा पुष्कर स्थित ब्रह्मा मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक केंद्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का वैदिक परंपरा के अनुसार मंत्रोच्चार के साथ स्वागत किया गया। उन्होंने ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद का वाचन कर रहे बटुकों के वैदिक मंत्रोच्चार का श्रवण भी किया। हनुमान कथा के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालु भक्तिभाव में सराबोर दिखाई दिए।

इस अवसर पर विधायक बालमुकुंद आचार्य, ठाकुर गोविन्ददेव चतुर्वेद विद्यापीठ के न्यासी संदीप झंवर सहित अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *