Acb trap ricco officers रीको अजमेर के सीनियर डिप्टी जनरल मैनेजर सहित दो अधिकारी 85 हजार रुपये की रिश्वत लेते एसीबी के हत्थे चढ़े
जयपुर डेस्क Acb trap ricco officers । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) के अजमेर कार्यालय के सीनियर डिप्टी जनरल मैनेजर अंजय विश्वकर्मा और रीको उप इकाई ब्यावर के कनिष्ठ सहायक कमलेश गुर्जर को कुल 85 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
एसीबी के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दी थी कि ब्यावर औद्योगिक क्षेत्र में आवंटित औद्योगिक भूखंड के लीज डीड और उपयोग परिवर्तन (प्रोडक्ट चेंज) से जुड़े कार्य के बदले रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान सीनियर डिप्टी जनरल मैनेजर अंजय विश्वकर्मा को 50,000 रुपये तथा कनिष्ठ सहायक कमलेश गुर्जर को 35,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
यह कार्रवाई एसीबी जयपुर नगर-चतुर्थ इकाई ने उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के सुपरवीजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता और ज्ञान प्रकाश नवल के नेतृत्व में की।
एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।
