जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस और FSL टीम
Crime desk इंडिया प्राइम टीवी डॉट कॉम ।डकैत जगन गुर्जर ,राजस्थान की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। जेल परिसर में उसका शव मिलने के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने भी घटना की पुष्टि की है।
बताया जा रहा है कि जगन गुर्जर का शव जेल के अंदर संदिग्ध हालत में मिला। मौत के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह आत्महत्या, हादसा या किसी अन्य वजह से हुई घटना है।
जगन गुर्जर राजस्थान के चंबल क्षेत्र का कुख्यात नाम रहा है। साल 1994 में उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद वह डकैती, हत्या, अपहरण और फिरौती जैसे कई गंभीर मामलों में आरोपी रहा।
धौलपुर और चंबल इलाके में कभी उसकी दहशत इतनी थी कि कई गांवों में उसके गैंग के डर का असर देखने को मिला था। उसके खिलाफ राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में 100 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं।
साल 2008 में गुर्जर आरक्षण आंदोलन के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को धमकी देने के बाद जगन गुर्जर काफी सुर्खियों में आया था। इसके बाद उस पर इनाम भी घोषित किया गया था।
हालांकि अब हाई सिक्योरिटी जेल में उसकी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और जेल प्रशासन की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि आखिर जगन गुर्जर की मौत की असली वजह क्या रही।
