विकसित भारत रोजगार योजना के तहत अब तक 70 लाख नौकरियां सृजित: PM मोदी

बीकानेर

indiaprimetv desk विकसित भारत रोजगार योजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहली बार नौकरी पाने वाले 15 लाख कर्मचारियों एवं उनके नियोक्ताओं को 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि जारी करते हुए शुक्रवार को कहा कि ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ (पीएम-वीबीआरवाई) के तहत देशभर में 70 लाख से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं।सरकार की तरफ से यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिए सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने राशि अंतरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जब सरकार, युवा और उद्योग साथ मिलकर काम करते हैं तो रोजगार सृजन कई गुना बढ़ता है।

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत न केवल 70 लाख रोजगार सृजित हुए हैं, बल्कि लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा कवरेज भी दिया गया है। सरकार नए रोजगार पैदा करने वाले संस्थानों एवं नियोक्ताओं को प्रोत्साहित करती है। पीएम-वीबीआरवाई पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं के लिए उद्योग और कार्यबल के बीच एक ‘पुल’ का काम करती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “इस योजना के जरिए हम रोजगार सृजन को बढ़ावा दे रहे हैं, युवाओं को सशक्त बना रहे हैं और भविष्य के लिए मजबूत कार्यबल तैयार कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि युवाओं की आकांक्षाएं, कौशल और क्षमता ही विकसित भारत की दिशा तय करती हैं। आने वाले वर्षों में भारत के युवा वैश्विक विकास, नवाचार और उद्यमिता को आगे बढ़ाने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे। ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ के लिए सरकार ने 99,446 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है और दो वर्षों में 3.5 करोड़ रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा है।

इस योजना के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले कर्मचारियों को 15,000 रुपये तक की सहायता दी जाती है, जबकि उनके नियोक्ताओं को प्रति नए कर्मचारी पर प्रति माह 3,000 रुपये तक का प्रोत्साहन मिलता है। विनिर्माण क्षेत्र में रोजगार बढ़ाने के लिए संचालित इस योजना के तहत मिलने वाले लाभ की अवधि को चार वर्ष तक बढ़ा दिया गया है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *