'मर्सिडीज वाले भैया ने बहुत मारा, मेरी गलती नहीं थी मां…', रोते हुए ड्राइवर ने दे दी जान; वीडियो में बोला- मां मुझे माफ कर देना – AajTak
Feedback
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से झकझोर देने वाला एक बेहद दुखद मामला सामने आया है. यहां एक 25 साल के ट्रक ड्राइवर ने लग्जरी मर्सिडीज कार के सवारों की मारपीट और प्रताड़ना से दुखी होकर पेड़ से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. कदम उठाने से पहले मृतक ने सोशल मीडिया पर एक के बाद एक 6 वीडियो जारी किए, जिसमें उसने रो-रोकर अपनी आपबीती सुनाई और बताया कि कैसे एक हादसे के बाद मर्सिडीज वालों ने उसे बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी दी.
एक पुलिस अधिकारी ने न्यूज एजेंसी को बताया, मृतक की पहचान महासमुंद जिले के रहने वाले ताम्रध्वज साहू के तौर पर हुई है. शुक्रवार को गिदम पुलिस स्टेशन इलाके में बंजारी घाट के पास उसका शव एक पेड़ से लटका हुआ मिला.
इंस्टाग्राम पर वीडियो देख मालिक ने पुलिस को दी सूचना
ताम्रध्वज साहू, लक्ष्मण नाम के व्यक्ति के ट्रक पर ड्राइवर का काम करता था. पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को लक्ष्मण ने पुलिस को सूचना दी कि साहू ने इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड करके दावा किया था कि वह अपनी जान देने जा रहा है और उसने फोन कॉल का जवाब देना भी बंद कर दिया था.
उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम ने ड्राइवर के मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर तलाशी अभियान चलाया और बाद में बंजारी घाट के पास जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ उसका शव बरामद किया.
दरअसल, साहू जिस ट्रक को चला रहा था, वह गुरुवार को बंजारी घाट पर एक मर्सिडीज कार से टकरा गया था. उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद एक इमरजेंसी रिस्पॉन्स गाड़ी भी मौके पर पहुंची थी.
‘ब्रेक फेल हुए थे, मेरी कोई गलती नहीं थी’
साहू ने मरने से पहले सोशल मीडिया पर छह अलग-अलग वीडियो जारी किए. वीडियो में वह रोते हुए यह दावा करता दिख रहा है कि दुर्घटना ट्रक के ब्रेक फेल होने की वजह से हुई थी. उसने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद लग्जरी कार में सवार लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी. देखें VIDEO:-
साहू ने अपने मालिक लक्ष्मण से माफी भी मांगी और कहा कि दुर्घटना जानबूझकर नहीं हुई थी और वह अपनी जान इसलिए दे रहा है क्योंकि कार में सवार लोगों ने उसे पीटा था और धमकी दी थी.
एक अन्य वीडियो में वह गले में फंदा डाले हुए यह कहता दिख रहा है, “मुझे माफ कर देना, मैं अपनी जिम्मेदारियां पूरी नहीं कर सका.”
मर्सिडीज मालिक पर दर्ज होगी FIR
पुलिस के एक सीनियर अफसर ने बताया कि मामले की जांच चल रही है. उन्होंने कहा कि टक्कर के लिए मृतक ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा, जबकि कथित मारपीट के बारे में वीडियो में लगाए गए आरोपों के आधार पर कार ड्राइवर और उसमें सवार लोगों के खिलाफ अलग से FIR दर्ज की जाएगी.
मर्सिडीज कार के मालिक की पहचान सागर हेमला के तौर पर हुई है, जो बीजापुर जिले का रहने वाला है और कॉन्ट्रैक्टर का काम करता है. पुलिस ने कहा कि आरोपी पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा. पुलिस ने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू
