अब भारतीय टीम में शामिल होने वाले क्रिकेटरों को भी मिलेगी सरकारी नौकरी – Dainik Bhaskar
बिहार में मेडल लाओ, नौकरी पाओ योजना का दायरा बढ़ेगा
बिहार में मेडल लाओ, नौकरी पाओ योजना का दायरा बढ़ेगा। अब बीसीसीआई द्वारा चयनित भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को भी नौकरी मिलेगी। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही राज्य के क्रिकेटरों को लेवल-9 की सरकारी नौकरी मिल सकेगी।
गुरुवार को खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने समीक्षा बैठक की, जिसमें यह निर्णय लिया गया। अबतक इस योजना के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं (जैसे-ओलिंपिक, एशियन गेम्स) में पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियों को बिना लिखित परीक्षा के प्रथम श्रेणी तक की सीधी सरकारी नौकरी दी जाती है।
मंत्री ने बताया कि गया, अरवल, मधेपुरा और किशनगंज में जिला उत्कृष्टता केंद्र (डिस्ट्रिक्ट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) का संचालन 15 जून से होगा। इन केंद्रों में कबड्डी, बैडमिंटन और ताइक्वांडो खेलों का आवासीय प्रशिक्षण होगा। इसके अलावा सीवान, मुंगेर और जमुई में फुटबॉल का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस डेवलप होंगे। बैठक विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल उपस्थित थे।
बिहार में होने वाले बड़े खेल आयोजन
खेल कैलेंडर की समीक्षा के दौरान बताया गया कि नवंबर 2026 में राजगीर में भारत-न्यूजीलैंड रग्बी शृंखला का आयोजन प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त जुलाई-अगस्त 2026 में खेलो इंडिया अस्मिता जोनल महिला भारोत्तोलन प्रतियोगिता, 7 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय भाला फेंक दिवस और दिसंबर 2026 में एफआईएच प्रो-लीग का आयोजन भी होगा।
डुमरी स्पोर्ट्स सिटी : अबतक जमीन ही चिह्नित, अधिग्रहण का काम बाकी
पटना के पुनपुन (डुमरी) में 100 एकड़ में बनने वाली स्पोर्ट्स सिटी योजना की भी समीक्षा की गई। 3 मार्च 2025 को पेश बिहार बजट में इसे शामिल किया गया था। लेकिन, अबतक जमीन ही चिह्नित हो सकी है। अधिग्रहण का काम बाकी है। वैसे वर्ष 2027 से काम की शुरुआत आैर वर्ष 2030 तक निर्माण पूरा करने की डेडलाइन है। बताया गया कि 574 करोड़ की स्वीकृत राशि से संबंधित सूचना डीएम आैर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को भेजी जा चुकी है। खेल मंत्री ने कहा कि यह स्पोर्ट्स सिटी बिहार के खेल विकास का नया केंद्र बनेगा। विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह ने बताया कि अहमदाबाद आैर ओडिशा के खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर मॉडलों का अध्ययन किया गया है। डुमरी स्पोर्ट्स सिटी योजना की हर महीने समीक्षा होगी।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
