रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 1.40 लाख की ठगी, स्कूल संचालक पर शिकायत – Hindustan Hindi News
देवघर, प्रतिनिधि। रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक शिक्षित बेरोजगार युवक से 1.40 लाख रुपए की ठगी कर ली गयी है। इस संबंध में नगर के हिरना मोहल्ला निवासी योगेंद्र कुमार ने गुरुवार को थाना में आवेदन देकर बरमसिया अवस्थित निजी विद्यालय के संचालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित योगेंद्र कुमार ने बताया कि कुछ माह पूर्व उसकी पहचान और दोस्ती बरमसिया क्षेत्र के एक निजी स्कूल संचालक से हुई थी। बातचीत के दौरान उसने अपनी बेरोजगारी और नौकरी की तलाश की परेशानी साझा की थी। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपी ने रेलवे में कर्मचारी के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
आरोपी ने दावा किया कि उसके उच्च अधिकारियों से संपर्क हैं और निश्चित रूप से नौकरी लग जाएगी। पीड़ित के अनुसार नौकरी पाने की उम्मीद में उसने आरोपी की बातों पर विश्वास कर लिया। आरोपी के कहने पर अपने मित्रों, बहन और अन्य रिश्तेदारों से रुपए उधार लेकर सबसे पहले ऑनलाइन माध्यम से 49 हजार रुपए का भुगतान किया। उसके बाद अलग-अलग तिथियों में कई बार नकद राशि भी दी। कुल मिलाकर आरोपी को करीब 1 लाख 40 हजार रुपए दे दिए। योगेंद्र कुमार ने बताया कि रुपए लेने के बाद आरोपी लगातार नौकरी लगने का आश्वासन देता रहा। कभी नियुक्ति पत्र तैयार होने की बात कही गई तो कभी विभागीय प्रक्रिया पूरी होने का हवाला देकर समय मांगा गया। उस बीच लगभग दो महीने बीत गए, लेकिन न रेलवे में नौकरी मिली और ना ही नियुक्ति पत्र या दस्तावेज उपलब्ध कराया गया। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने बार-बार नौकरी और रुपए के संबंध में पूछताछ शुरू की तो आरोपी दूरी बनाने लगा। फोन करने पर टाल-मटोल कर जवाब दिया जाने लगा और बाद में उसका मोबाइल नंबर ही ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। उसके बाद वह कई बार आरोपी के घर और कार्यालय भी पहुंचा, लेकिन वहां से भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अपने साथ ठगी होने का एहसास होने पर योगेंद्र ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। आवेदन में आरोपी से राशि वापस दिलाने तथा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play
